रामपुर में महिला सिपाही कार में बेटे के साथ जिंदा जली, डंपर की टक्कर के बाद आग लगी

Spread the love

यूपी के रामपुर में 23 साल की महिला सिपाही और 2 साल के बेटे की जलकर मौत हो गई. पति और देवर झुलस गए. सिपाही परिवार के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से रामपुर से नैनीताल घूमने गई थी. लौटते वक्त बेकाबू डंपर ने कार में टक्कर मार दी, जिससे कार में आग लग गई.

देवर (22) और पति (25) किसी तरह गेट खोलकर बाहर निकल गए, जबकि बेटे को बचाने की कोशिश में महिला सिपाही बाहर नहीं निकल पाई. पति चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं पाया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.

पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाया और आग बुझाई गई. इसके बाद कार से महिला सिपाही और उसके बेटे को निकाला गया. बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सिपाही ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। पुलिस ने पति और देवर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हादसा गंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुआ. हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया.

टक्कर से कार में भीषण आग लग गई. आग धू-धूकर जलने लगी. लपटें 1 किमी दूर से दिखाई पड़ रही थीं.

नैनीताल से लौट रहा था परिवार: मिलक क्षेत्र के बेहटरा गांव में दान सिंह का परिवार रहता है. वह किराए पर गाड़ियां चलवाने का काम करते हैं. इनकी पहली पत्नी की भी चार साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. उनकी दूसरी पत्नी लता श्रावस्ती में तैनात थीं. बुधवार देर रात दान सिंह कार से पत्नी, बेटे लट्टू और बरेली निवासी ममेरे भाई रवि के साथ नैनीताल से घर लौट रहे थे.

डंपर ने टक्कर मारी, टंकी फटने से लगी आग: दान सिंह ही कार चला रहे थे. कार उनके पिता होमगार्ड पिता इंगल सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है. बताया जा रहा कि रात 11 बजे के बाद काशीपुर के आंगा गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आए डंपर ने कार को साइड से टक्कर मार दी. टक्कर से पेट्रोल टंकी फट गई, इससे कार में आग लग गई.

महिला सिपाही बेटे के साथ फंसी: दान सिंह और रवि किसी तरह गेट खोलकर बाहर निकल आए, लेकिन वे भी झुलस गए. महिला सिपाही अपने दो साल के बेटे के साथ कार में फंस गई. आग की लपटें देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. जहां हादसा हुआ, उससे थोड़ी दूर पर पेट्रोलपंप है.

तस्वीर महिला सिपाही और उसके 2 साल के बेटे की है। वह कौशांबी में तैनात थी.

लपटें देख कर्मचारी फायर एक्स्टिंग्युशर लेकर आग बुझाने के लिए दौड़े, तब तक पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई थी. आनन-फानन में महिला सिपाही और उसके बेटे को बाहर निकाला. इसके बाद आग पर काबू पाया. इसमें 10-15 मिनट लगे. हादसे में कार बुरी तरह से जल गई.

अस्पताल ले जाते वक्त सिपाही ने तोड़ा दम: घटना की जानकारी मिलते ही ASP अनुराग सिंह पहुंचे. पुलिस ने महिला सिपाही लता, उनके पति और देवर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया. अस्पताल ले जाते वक्त लता की भी मौत हो गई. हादसे के बाद काशीपुर के पास काफी देर तक जाम लगा रहा. पुलिस ने कार को साइड में हटवाकर जाम खुलवाया.

घायल देवर ने रोते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई: हादसे में देवर में झुलस गया है. पुलिसवालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया. घायल देवर ने रोते हुए पूरी घटना बताई घायल देवर ने रोते हुए बताया- “गाड़ी दो हफ्ते पहले ही नई खरीदी गई थी. दो दिन पहले मथुरा घूमकर आए थे. वहां से मंगलवार रात करीब 4 बजे घर लौटे और सो गए.”

बुधवार सुबह दान सिंह का फोन आया. उसने कहा कि नैनीताल चलना है. मैंने पहले मना कर दिया कि मैं गाड़ी नहीं चला सकता, लेकिन फिर भी मैं चला गया. बुधवार सुबह 11 बजे दान सिंह के घर पहुंचा. मिलक से बिलासपुर तक दान सिंह ने गाड़ी चलाई और बिलासपुर से नैनीताल तक मैंने गाड़ी चलाई. पहाड़ पर पहुंचने के बाद गाड़ी फिर दान सिंह को दे दी. नैनीताल घूमने के बाद वहां से रामपुर की तरफ लौटते समय मेरी तबीयत खराब हो गई.

मैं कार में सो गया था, तभी अचानक जोर की आवाज आई। सामने से आ रहे डंपर ने कार के साइड में टक्कर मार दी, जिससे कार में आग लग गई. मैं और दान सिंह किसी तरह बाहर निकल गए, लेकिन दान सिंह की पत्नी और बेटा बुरी तरह झुलस गए. दोनों की मौत हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *