अलीगढ़ में रंग खेलने को लेकर बवाल: फायरिंग-पथराव, दरोगा का सिर फटा; छत से अंधाधुंध फायरिंग

Spread the love

UP के अलीगढ़ में होली के दिन रंग खेलने को लेकर बवाल हो गया. पड़ियावाल गांव में दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई. फिर देखते ही देखते हालात बिगड़ गए. मारपीट होने लगी. एक पक्ष के युवक ने छत पर चढ़कर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. कुछ लोग छर्रे लगने से घायल हो.

नाराज ग्रामीणों ने आरोपी का घर घेर लिया। पथराव करने लगे. गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची. घर को घेरकर लोगों को दूर करने लगी. इससे नाराज लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। दरोगा का सिर फट गया.

मौके पर और पुलिस फोर्स बुलाई गई. बल-प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा. फिर फायरिंग करने वाले युवक को पकड़ा. इसके आलावा, 12 उपद्रवियों को भी हिरासत में लिया। फिलहाल इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। घटना बुधवार को मडराक थाना क्षेत्र की है.

होली खेलने के दौरान पड़ोसी से हुआ था झगड़ा: पुलिस के अनुसार- मनीष वार्ष्णेय और कैलाश पड़ियावली गांव में रहते हैं. दोनों के घर अगल-बगल हैं. बुधवार दोपहर 3 बजे होली खेलने के दौरान महिलाओं में कहासुनी हो गई. रंग डालने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि पुरुष भी आपस में कहासुनी करने लगे. इस बीच, कैलाश आपा खो बैठा. वह दौड़कर अपने घर की छत पर चढ़ गया। फायरिंग शुरू कर दी.

छत से फायरिंग, पड़ोसी और राहगीर को लगी गोली: गोली के छर्रे मनीष के सीने में लगे. वह जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद भी कैलाश ने फायरिंग बंद नहीं की. इस दौरान वहां से जसवंत नाम का एक राहगीर गुजर रहा था. उसके बाजू में भी छर्रे लगे। फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया. लोगों ने कैलाश का घर घेरकर पथराव कर दिया।.

पुलिस पर पथराव, दरोगा का सिर फटा: लोगों का गुस्सा देखकर आरोपी ने खुद को घर के अंदर कैद कर लिया. लोग घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगे. इस बीच राहगीरों ने मडराक थाने की पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को घर से दूर करने लगी. इस दौरान लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें एसएसआई धर्मपाल सिंह घायल हो गए.

पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा: हालात बिगड़ते देख एसएसपी नीरज जादौन को सूचना दी गई. थोड़ी देर बाद एसएसपी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा. आरोपी कैलाश को घेराबंदी कर हिरासत में लिया. उसके बाद घायलों को तत्काल आगरा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

एसएसपी नीरज जादौन ने बताया- “दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. बाद में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था. इस दौरान एक युवक ने फायरिंग कर दी. नाराज गांव वालों ने पथराव कर दिया. पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई है. फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है. पुलिस पथराव करने वालों की पहचान कर रही है. उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *