इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर जिले में बिवांर थाना क्षेत्र के ग्राम पारा में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 14 वर्षीय एक किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पेड़ से लटका मिला. मृतक के परिजनों ने किशोर की हत्या कर शव को लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. परिजनों के अनुसार कमल सिंह का पुत्र भोला (14) बीते बृहस्पतिवार से लापता था.
परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका. शुक्रवार को जब भोला के चाचा ज्ञान सिंह खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने भोला का शव पेड़ से लटका हुआ देखा. चाचा के मुताबिक, भोला का शरीर फांसी के फंदे पर तो था, लेकिन वह जमीन पर बैठी हुई अवस्था में मिला. इसी आधार पर परिजनों ने आशंका जताई है कि भोला की हत्या की गई है.
उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए बाद में फंदे पर लटका दिया गया है. मृतक भोला तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता कमल सिंह खेती और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.
















Leave a Reply