फतेहपुर में गले में कंकड़ फंसने से मासूम बच्ची की मौत, खलिहान के पास खेलते समय हुआ हादसा

Spread the love

फतेहपुर जिले के हथगाम थाना क्षेत्र में घर के बाहर खलिहान के पास बृहस्पतिवार को खेल रही बच्ची के श्वास नली में कंकड़ फंस गया. सांस लेने में दिक्कत के बाद बच्ची की मौत हो गई. परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया है। थाना क्षेत्र के कसेरवा ग्राम सभा के मजरा बाबा का पुरवा गांव में शिवगोपाल के परिजन घर के बाहर खलिहान में सरसों की मड़ाई कर रहे थे.

खलिहान में शिवगोपाल की दो वर्षीय पुत्री चेतना देवी खेल रही थी. खेलते समय कंकड़ खा लिया. कुछ देर बाद वह बेहाल हो गई। यह देखकर परिजन पहुंचे. गले में फंसा कंकड़ काफी देर तक निकालने का प्रयास किया. सांस लेने में दिक्कत होने से वह बेसुध होकर गिर गई. परिजन बच्ची को सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर अमित कुमार चौरसिया ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बच्ची का पिता शिवगोपाल गांव में ही मजदूरी करता है. उनके पास दस बिसवा जमीन है. परिवार के अन्य लोग दिल्ली व पुणे में काम करते है. हादसे से मां सुरेखा देवी व परिवारिक सदस्यों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया. शिवगोपाल की चेतना देवी इकलौती संतान थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *