UP के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की सातवीं शादी को रोकने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है. इस मामले ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है.
जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम पूरा दुबे गोदाम निवासी शनि मौर्य ने अपने पिता अमरजीत मौर्य के खिलाफ थाने में शिकायती पत्र देकर उनकी होने वाली शादी को रुकवाने की मांग की है. शनि मौर्य का आरोप है कि उसके 55 वर्षीय पिता अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी करने की तैयारी में हैं.
छठवीं शादी वर्ष 2024 में हुई थी: पीड़ित बेटे के मुताबिक, उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी. इससे पहले वह दो शादियां कर चुके थे. बेटे का कहना है कि उसके पिता की छठवीं शादी वर्ष 2024 में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी ने जमीन अपने नाम करने की मांग शुरू कर दी. जब जमीन नाम नहीं की गई तो उसने जेवर की मांग की और विवाद के बाद वह कहीं और चली गई.

55 साल का पिता अमरजीत मौर्य
सातवीं शादी करने की योजना: शनि मौर्य का आरोप है कि अब उसके पिता सातवीं शादी करने की योजना बना रहे हैं. इसके लिए कुछ लोगों के संपर्क में हैं और शादी के लिए जमीन बेचने का सौदा भी कर चुके हैं. बेटे का दावा है कि उसके पिता ने 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिया है और आधी से ज्यादा जमीन गिरवी रख चुके हैं.
12वीं कक्षा का छात्र है : बता दे कि बेटे ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि वह 12वीं कक्षा का छात्र है. पढ़ाई के साथ-साथ उसे मजबूरी में मजदूरी करनी पड़ रही है.पिता द्वारा लिए गए कर्ज को वह खुद मेहनत मजदूरी कर चुकता कर रहा है. उसने आरोप लगाया कि पिता ने उसे जबरन कमाने के लिए बाहर भेज दिया था और वह सिर्फ परीक्षा देने के लिए घर आया है.वहीं घर पर मौजूद उसकी बुजुर्ग मां ने भी पांच शादियां होने की पुष्टि की है, जबकि आरोपी अमरजीत मौर्य ने खुद स्वीकार किया कि वह अब तक छह शादियां कर चुका है.
बेटे का कहना है कि हर शादी के पीछे जमीन लिखवाने का लालच दिया जाता है और इसी वजह से वह सातवीं शादी का विरोध कर रहा है.इस पूरे मामले में अहरौला थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच की जा रही है. फिलहाल पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply