‘लखनऊ में का बा’ फेम लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है. नेहा सिंह राठौर के खिलाफ दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने के आरोप में लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. लखनऊ पुलिस ने नेहा सिंह राठौर को नोटिस भेजकर जवाब दाखिल करने को कहा था. यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट से जुड़ी एफआईआर से जुड़ा है. यूपी सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि पहले के निर्देश के अनुसार नेहा सिंह राठौर जांच अधिकारियों के सामने पेश हो चुकी हैं और उनका बयान दर्ज किया जा चुका है. सुप्रीम कोर्ट ने राहत देते हुए ये भी कहा कि नेहा सिंह राठौर को जांच में सहयोग जारी रखना होगा.
जानकारी के मुताबिक, लोक गायिका नेहा सिंह राठौर का जन्म 1997 में बिहार के कैमूर में हुआ है. नेहा सिंह राठौर ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से पढ़ाई की है. नेहा सिंह राठौर की शादी 21 जून 2022 को लखनऊ में हुई थी. नेहा सिंह की शादी यूपी के अंबेडकरनगर के रहने वाले हिमांशु सिंह से हुई है. शादी से पहले दोनों बहुत पुराने दोस्त भी थे. वहीं, नेहा सिंह राठौर के पति हिमांशु सिंह की शुरुआती पढ़ाई लिखाई अकबरपुर में हुई है. इसके बाद वह प्रयागराज आ गए. प्रयागराज से स्नातक की पढ़ाई की. हिमांशु सिंह लेखक से जुड़ा कार्य करते हैं. वह दिल्ली में कोचिंग सेंटर से जुड़े थे.
हिमांशु सिंह के पिता टाटा केमिकल फर्टिलाइजर कंपनी में काम करते थे. अब वह पेंट का कारोबार करते हैं. अक्सर नेहा सिंह राठौर के वीडियो में उनके पति हिमांशु भी दिख जाते हैं. बता दें कि नेहा सिंह राठौर ने 2020 में यूट्यूब पर एक चैनल की शुरुआत की थी. इसके बाद कोरोना काल में बेरोजगारी को लेकर गाया गाना खूब सुर्खियों में था. पहली बार वह यूपी में का बा?…गाना गाकर चर्चा में आई थीं. इसके बाद बिहार में का बा? भी गाना गाया था. नेहा सिंह राठौर के यूट्यूब चैनल पर लाखों फालोअर्स हैं.
















Leave a Reply