यूपी में आज से दरोगा भर्ती की परीक्षा शुरू हो गई. प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की 3 लेयर में चेकिंग की गई. सिर्फ प्रवेश पत्र और आईडी के साथ ही अंदर जाने दिया गया. ड्यूटी पर लगे पुलिसवालों के फोन भी जमा करा लिए गए. CCTV से चप्पे-चप्पे की मॉनिटरिंग की गई.
हमीरपुर से इरशाद खान के मुताबिक जनपद के चार परीक्षा केंद्रों में दो पालियों में शुरू हुई उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा, नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने को लेकर केंद्रों में की गई चाकचौबंद व्यवस्था की गयी है.
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हमीरपुर, पीजी कॉलेज कुछेछा, श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हमीरपुर और राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर बनाए गए परीक्षा केंद्र, चारों केंद्रों में कुल 3360 परीक्षार्थी पंजीकृत, पहली पाली सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली दिन के 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी कल 15 मार्च को पुन: इन केद्रों में इतने ही परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.
वाराणसी में पुरुष अभ्यर्थियों के जूते, मोजे और बेलट उतरवा लिए गए. चाकू से कलावा काटा गया। महिला कैंडिडेट्स की ज्वैलरी उतरवा दी गई. चूड़ी, बिछिया और कान की बाली निकलवाकर ही परीक्षा केंद्र में एंट्री दी गई.

परीक्षा दो दिन यानी 14 और 15 मार्च को दो पालियों में कराई जानी है. पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक चलेगी. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBB) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1090 सेंटर बनाए हैं.

इस भर्ती के जरिए कुल 4,543 पदों पर नियुक्ति होगी. भर्ती के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिलाएं हैं.

परीक्षा से पहले UPPBB ने 3 टेलीग्राम चैनलों पर FIR दर्ज कराई है. इन टेलीग्राम चैनल पर दरोगा भर्ती परीक्षा का पेपर 10 से 12 हजार रुपए में उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था. लखनऊ में हुसैनगंज थाने की पुलिस ने नकल विरोधी कानून समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. आरोपियों की तलाश चल रही है.
















Leave a Reply