निरंजन ज्योति को बनाया गया राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष, CM योगी ने दी बधाई

Spread the love

UP के फतेहपुर की पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है. 18 मार्च यानी बुधवार को उन्होंने पदभार भी ग्रहण कर लिया. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष बनने पर सीएम योगी ने साध्वी निरंजन ज्योति को बधाई दी है. 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति जी को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद का दायित्व ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई. पूर्ण विश्वास है कि आपका समृद्ध अनुभव और समाज के वंचित वर्गों के प्रति आपकी संवेदनशील दृष्टि सामाजिक न्याय की अवधारणा को और सशक्त करते हुए पिछड़े वर्गों के कल्याण तथा उनके समग्र उत्थान को नई दिशा और गति प्रदान करेगी. यशस्वी कार्यकाल हेतु आपको अनंत मंगलकामनाएं. 

कौन हैं साध्वी निरंजन ज्योति?  जानकारी के मुताबिक, साध्वी निरंजन ज्योति का जन्म 1967 में उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के पतिउरा में हुआ है. उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है. 21 साल की उम्र में स्वामी अच्युतानंद से गुरुदीक्षा लेकर उन्होंने संन्यास जीवन जीने का फैसला ​किया. साध्वी निरंजन ज्योति विश्व हिंदू परिषद में केंद्रीय सहमंत्री भी रह चुकी हैं. साध्वी निरंजन ज्योति निषाद समुदाय से आती हैं. इनकी पहचान फायर ब्रांड नेता के रूप में होती है.  

ऐसे हुई भाजपा में एंट्री  साध्वी निरंजन ज्योति दुर्गा वाहिनी और विश्व हिंदू परिषद से होते हुए भाजपा में एंट्री की थी. उनकी छवि तेज-तर्रार और बेबाक नेता की रही है. राम मंदिर आंदोलन में अपनी अलग पहचान बनाई. साध्वी निरंजन ज्योति गेरुआ वस्त्र धारण करती हैं. बता दें कि साध्वी निरंजन ज्योति 2019 के लोकसभा चुनाव में फतेहपुर से सांसद रह चुकी हैं. 2024 में बीजेपी ने फतेहपुर से दोबारा चुनाव लड़ाया था. हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा. सपा के नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने उन्हें हरा दिया था. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *