नोएडा में झमाझम बारिश, तेज आंधी-तूफान से बदला मौसम का मिजाज; फिर लौटी ठंड!

Spread the love

नोएडा में बुधवार को मौसम का मिजाज बदल गया. बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए  रहे. शाम होते होते अचानक आंधी तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई. इसके चलते तापमान में भी बदलाव देखा गया है. नोएडा में हुई बारिश से एक बार फिर से ठंड लौट आई है. वहीं, बारिश के चलते शहर में कई जगहों पर लंबा जाम भी लग गया. 

अभी और भीगने के लिए रहें तैयार: नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में मौसम में बदलाव के संकेत कुछ दिन पहले से ही दिख रहे थे. बुधवार शाम को हुई बारिश ने हवा में ठंडक का अहसास हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक, नोएडा एनसीआर में अभी दो दिन ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 और 20 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. साथ ही एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.

23 मार्च तक बारिश के आसार:  दोनों दिनों अधिकतम तापमान 29 और 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 21 मार्च को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के आसार हैं. इसके बाद 22 और 23 मार्च को फिर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. कुल मिलाकर बारिश के चलते तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. 

पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर:  बताया गया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. बारिश होने से मौसम में हल्की ठंडक लौट आई है. जबकि दिन के समय तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना है. नोएडा एनसीआर वालों को गर्मी से राहत मिल गई है. साथ ही एक्यूआई में भी जबरदस्त सुधार देखने को मिला है. बुधवार को बारिश के बाद नोएडा एक्यूआई 136 दर्ज किया गया. गाजियाबाद का एक्यूआई 149 दर्ज किया गया.  

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है. चमोली जिले के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई. मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है. इसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने यूपी में भी कई जिलों में बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *