UP में मौसम ने ली फिर करवट: कानपुर-लखनऊ समेत 20 जिलों में बारिश, अयोध्या में गिरे ओले

Spread the love

यूपी में मौसम बिगड़ गया है. लखनऊ में शुक्रवार सुबह 10 बजे अचानक अंधेरा छा गया. तेज हवा के साथ बारिश होने लगी. कुछ इलाकों में ओले भी गिरे. इससे पहले प्रयागराज और मथुरा में तेज बारिश हुई. धूलभरी आंधी चली। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया. स्कूली बच्चे और दफ्तर के लिए निकले लोग रेनकोट और छातों के साथ नजर आए.

ऐसे ही कानपुर, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ समेत 25 से ज्यादा जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. काशी में भी आंधी के साथ बूंदाबांदी हो रही है. घाटों पर दुकान लगाने वाले लोग सामान समेटकर वापस लौट गए. अयोध्या में बारिश के साथ मटर के दाने बराबर ओले गिरे. मिर्जापुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई.

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम बदल गया है. अगले 2 दिन मौसम बिगड़ा ही रहेगा. 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गरज चमक के साथ बारिश भी होगी.

यूपी में अगले 24 के लिए येलो अलर्ट: मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि के आसार हैं.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- “पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पूरे प्रदेश बारिश की संभावना दिखाई दे रही है. 2 दिन बाद इसका असर कम होने लगेगा.” पिछले 24 घंटे में मथुरा में सबसे तेज 87 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. हवा की रफ्तार नोएडा में 59 किमी, आगरा और बुलंदशहर में 57 किमी/घंटा दर्ज की गई. सबसे ज्यादा बारिश बागपत और बुलंदशहर में करीब 6 मिमी. रिकॉर्ड हुई.

लखनऊ में दिन शुरू होते ही छाया अंधेरा: अचानक बदले मौसम ने शहरवासियों को चौंका दिया. कई लोग जो सुबह धूप देखकर घर से निकले थे, वे बारिश और तेज हवा के कारण परेशान नजर आए. गुरुवार शाम से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था और देर रात कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे जलभराव की स्थिति भी बन गई.

कई जगह बिजली हुई प्रभावित: तेज हवाओं के चलते कई इलाकों मे बिजली सप्लाई भी बाधित हुई. बिजली सप्लाई में फॉल्ट की भी समस्या आई जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि देर रात से पहले बिजली सुचारू कर दी गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *