अब भरे LPG सिलेंडर की होने लगी चोरी, बस्ती में चोर ने पार कर दिया; CCTV में घटना कैद

Spread the love

UP में अब भी गैस की किल्लत बरकरार है। पूरे-पूरे दिन लाइन में लगने के बाद भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, कुछ लोगों को सिलेंडर मिल भी रहा है तो उस पर चोर अपनी नजरें गड़ाए बैठे हैं. ऐसा ही मामला यूपी के बस्ती से सामने आया है. यहां एक बड़ी मुश्किल से मिला गैस का सिलेंडर ही चोर ने पार कर दिया. भरा सिलेंडर ले जाते हुए चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया. परिवार वालों को जब इसकी खबर लगी तो हड़कंप मच गया. लोगों का कहना है कि अभी तक सोना-चांदी और रुपयों को चोरों से से बचाने पड़ रहे थे, लेकिन अगर ऐसे ही गैस की किल्लत जारी रही तो सिलेंडर की भी रखवाली करनी होगी.

मामला कोतवाली क्षेत्र कटरा मोहल्ले का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार यहां एक घर में भरा हुआ सिलेंडर रखा था. चोरों ने मौके का फायदा उठाकर सिलेंडर चोरी कर लिया. गैस किल्लत के बीच बड़ी मुश्किल से मिला सिलेंडर चोरी हो जाने से परिवार में हड़कंप मच गया. पीड़ित का कहना है कि गैस के लिए काफी दिनों से चक्कर लगा रहे थे. बड़ी मुश्किल से ही एक सिलेंडर मिला था वह भी चोर उठा ले गया. पीड़ित ने बताया कि सिलेंडर के लिए कई दिनों से गैस एजेंसी पर दौड़ रहे थे. धूप में काफी देर तक लाइन लगाई तब जाकर सिलेंडर मिला था.

पुलिस ने बढ़ाई इलाके में गश्त: पीड़िता का कहना है कि सिलेंडर मिलने के बाद उसे घर के बाहर रखा, लेकिन चोरों ने उस पर हाथ साफ कर दिया. घर से बाहर आकर देखा तो सिलेंडर गायब था। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि सिलेंडर चोर उठा ले गया. सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति घर में घुसता है और मौका मिलते ही आंगन में रखा सिलेंडर उठाकर भाग निकलता है. वहीं इस मामले में पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है. इसको लेकर इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश करके चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

गैस सिलेंडर चोरी कर जा रहे युवक को लोगों ने पकड़ा: वहीं चार दिन पहले बाराबंकी में भी गैस सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया था. हालांकि लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सराय शाहआलम के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फुरकान अहमद ने बताया था कि वह सुबह अपने खेत घूमने गए थे. उन्होंने देखा कि गांव का ही एक युवक विद्यालय परिसर में किचन के पास खड़ा दिखाई दिया जिसके बाद प्रधान प्रतिनिधि ने विद्यालय के अन्दर जाकर देखा तो किचन का ताला टूटा पड़ा था और युवक उन्हें देखकर भागने लगा तभी प्रधान प्रतिनिधि फुरकान ने उसे पकड़ लिया. ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फुरकान ने बताया कि जब उन्होंने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ स्कूल का सिलेंडर चोरी करके लेके गया है. फिलहाल सरसों के खेत से सिलेंडर बरामद हो गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *