महराजगंज में LPG लेने पर बवाल, युवकों के उत्पात के बाद एजेंसी पर पथराव; दो कर्मचारी घायल

Spread the love

UP के कई जिलों में गैस की किल्लत जारी है। इसको लेकर आए दिन झगड़े-फसाद के मामले सामने आ रहे हैं. महाराजगंज जिले में गैस को लेकर बवाल हो गया. नगर पंचायत परतावल स्थित एक गैस एजेंसी पर शुक्रवार को गैस वितरण युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. युवक बिना पर्ची के गैस सिलेंडर लेने पर अड़े थे. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि युवक लापठी-डंडे, ईंट-पत्थर लेकर पहुंच गए। इसके बाद एजेंसी गेट पर पथराव कर दिया. हमले में एजेंसी के दो कर्मचारी लहूलुहान हो गए. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित किया. मारपीट और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार को एजेंसी पर गैस का वितरण हो रहा था. इसी दौरान कुछ उपभोक्ता बिना पर्ची के ही सिलेंडर की मांग करने लगे. एजेंसी कर्मियों ने जब नियमों का हवाला देते हुए बिना रसीद गैस देने से मना किया तो युवक भड़क गए. गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते युवकों का गुट उग्र हो गया और पथराव शुरू कर दिया. हमले में कर्मचारी रवि गौतम व राजेन्द्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस को देखते ही मची भगदड़: हंगामे की सूचना मिलते ही परतावल चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए भीड़ को तितर-बितर किया. मौके से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वायरल वीडियो के जरिए अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है, जल्द ही सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *