लखनऊ में 36-साल की बहू ने प्रेमी संग की सास की हत्या, स्निफर डॉग ने कातिल को पकड़वाया

Spread the love

लखनऊ में 36 साल की बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी. हाथ-पैर रस्सी से बांधे, फिर गला दबा दिया. वजह थी- सास प्रेमी से मिलने का विरोध करती थी. पुलिस के मुताबिक, किसी को उन पर शक न हो, इसलिए दोनों ने घर का CCTV बंद कर वारदात की. फिर कार से बाहर भाग गए.

कुछ दूर जाकर सीसीटीवी को मोबाइल से ऑन कर दिया. थोड़ी देर बाद महिला का 21 साल का बेटा घर पहुंचा. दादी की लाश देखकर वह मां को कॉल करने लगा. इस पर दोनों को लगा कि अगर घर नहीं लौटे तो पकड़े जाएंगे. घबराहट में दोनों वापस घर आ गए. अरोपी महिला रंजना वर्मा, सास निर्मला (69) की लाश देखकर रोने का नाटक करने लगी. कहने लगी कि लूटपाट के बाद हत्या की गई. हम बाहर घूमने गए थे.

इधर, पोते के बुलाने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो 2 घंटे तक घर का CCTV ऑफ मिला लेकिन घर के बाहर लगे CCTV में बहू प्रेमी राजन शर्मा (22) के साथ घर से बाहर जाती दिखाई दी. मौके पर पहुंचा पुलिस का स्निफर डॉग सूंघते हुए प्रेमी के पास जाकर रुक गया. वह घबरा गया और उसे दूर भागने लगा. शक के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया. सख्ती से पूछताछ की तो हत्या की बात कबूल कर ली. घटना शनिवार शाम 4 बजे महानगर इलाके की है.

एसएचओ महानगर अखिलेश मिश्रा ने कहा- “मृतका के बेटे की शिकायत पर उसकी पत्नी रंजना और प्रेमी राजन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके दोनों को गिरफ्तार किया है.” राजन शर्मा ओला टैक्सी ड्राइवर है. वह रंजना के घर पर ही किराए पर रहता है.

डॉग सूंघते हुए प्रेमी के पास जाकर रुका, CCTV बंद मिला: पुलिस ने बताया कि बहू रोते हुए सबसे पूछने लगी कि इन्हें क्या हो गया है. घटना के बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंचा. डॉग सूंघते हुए प्रेमी राजन के पास जाकर रुक गया. आसपास खड़े सभी लोग हक्के-बक्के रह गए.

पुलिस ने CCTV चेक किए तो दोपहर 2 से शाम 4 बजे के बीच कैमरे बंद मिले. इससे पुलिस को संदेह हो गया कि कोई घर का ही व्यक्ति इसमें शामिल है. 4 बजे के बाद के फुटेज में बहू प्रेमी के साथ बाहर दिखाई दी. इसके बाद पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई.

पोते-पोती के साथ निर्मला देवी की तस्वीर

प्रेमी का कबूलनामा: पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रेमी राजन ने बताया- मेरा 4 साल से रंजना से अफेयर था. इस बात की जानकारी घर में हो गई थी. पति और बेटे के काम पर जाने के बाद घर में रंजना, दोनों बेटियां और सास रहती थीं. बड़ी बेटी स्कूल-कोचिंग चली जाती थी.

डेढ़ साल की छोटी बेटी अभी ऐसी बातों के लिए समझदार नहीं है. इसी वजह से हम लोगों ने सास की हत्या की प्लानिंग की. घर में लगे CCTV का पूरा कंट्रोल मैंने अपने पास ले रखा था. जब चाहता, बंद कर देता था. शनिवार को पति और बेटे के नौकरी पर जाने के बाद पहले घर के अंदर का CCTV बंद किया, फिर वारदात की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *