संभल में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर भीषण हादसा, कार- टेंपो की टक्कर में 5 की मौके पर मौत

Spread the love

UP के संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र में आगरा–मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा गांव उधरनपुर अजमतनगर और मझोला मंदिर के बीच उस समय हुआ, जब एक अर्टिगा कार और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेंपो बबराला से धनारी की ओर जा रहा था, जबकि अर्टिगा कार बहजोई से बबराला की दिशा में बढ़ रही थी. इसी दौरान कार चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण कार सीधे टेंपो से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई. 

टेंपो में सवार अधिकांश लोग बहजोई क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी थे. इनमें रायपुर कला के ओमपाल अपने परिवार के साथ सफर कर रहे थे. हादसे में मानकपुर निवासी किशोरी लाल (40 वर्ष), ओमपाल की बेटी सलोनी और एक अज्ञात महिला की मौके पर ही मौत हो गई. मृत अज्ञात महिला की उम्र लगभग 36 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. 

घायलों को अस्पताल ले जाया गया: घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद नौ घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. 

हादसे की वजह:  हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ. शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि टेंपो में तय क्षमता से अधिक करीब 10 सवारियां बैठाई गई थीं, जो दुर्घटना की गंभीरता बढ़ने का एक कारण हो सकता है. 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह कार चालक की लापरवाही और ओवरटेक के दौरान वाहन पर नियंत्रण खोना प्रतीत हो रही है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *