राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
UP में प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे अब तक 9 मजदूरों की मौत हो गई है. घटना के समय वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए थे जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

चांदपुर के पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक अंसार अहमद का कोल्ड स्टोरेज बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीवार गिरने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पूरी दीवार अचानक ढह गई. 5 जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. करीब 1 किलोमीटर तक अमोनिया गैस का रिसाव हुआ है.
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है. गैस की बदबू के चलते ज्यादातर लोग मुंह पर कपड़ा (रुमाल, गमछा) बांधे हुए हैं. हादसा सोमवार दोपहर ढाई बजे फाफामऊ इलाके में हुआ. पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है. उसे थाने लेकर गई है.
अमोनिया गैस पाइप फटने से हादसा: जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह अमोनिया गैस की पाइप फटना बताई जा रही है. पाइप फटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई. अमोनिया गैस के रिसाव के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त करीब 20 मजदूर कोल्ड स्टोर के अंदर काम कर रहे थे. दीवार गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए.
गुस्साए लोगों ने एंबुलेंस पर पथराव किया: हादसे के बाद जब बचाव टीम और रेस्क्यू टीम पहुंची तो गुस्साए ग्रामीणों ने एंबुलेंस पर पथराव कर दिया. इस दौरान पुलिस से तीखी नोक-झोंक भी हुई. अभी तक 9 शव बरामद हुए हैं. जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार और डीएम मनीष वर्मा मौके पर पहुंच गए हैं. उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद अफसरों से रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया.
कई मजदूरों की हालत नाजुक: घायलों को स्वरूप रानी अस्पताल (SRN) ले जाया गया है. इनमें से ज्यादातर की हालत नाजुक बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लंच का टाइम था. सभी लोग खाना खाकर आराम कर रहे थे . तभी बिल्डिंग गिर गई. जो भी अंदर था, वो भाग नहीं पाया. हमने किसी तरह से अपनी जान बचाई.
फिलहाल मलबे में दबे लोगों को निकालने काम जारी है. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है. अमोनिया गैस की बदबू के चलते लोग मुंह पर कपड़ा (रुमाल, गमछा) बांधे हुए हैं. गैस रिसाव की वजह से रेस्क्यू में भी दिक्क्त आ रही है.
















Leave a Reply