पूजा पाल ने योगी आदित्यनाथ को बताया ‘धुरंधर CM’, अतीक अहमद था सपा का ‘फाइनेंसर’

Spread the love

राजू पाल की पत्नी और विधायक पूजा पाल ने एक बार फिर अतीक अहमद के मामले पर अखिलेश यादव को आड़े हाथों ले लिया. हालांकि इस दौरान पूजा पाल ने सीएम योगी की जमकर तारीफ की और कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के धुरंधर मुख्यमंत्री हैं.  पूजा पाल ने अतीक अहमद को समाजवादी पार्टी का सबसे बड़ा फाइनेंसर बताया है. दरअसल, महिला विधायक पूजा पाल से सपा नेता रामगोपाल यादव के उस बयान को लेकर सवाल किया गया, जिसमें रामगोपाल यादव ने कहा था कि सपा की सरकार आने पर अतीक की हत्या का बदला लिया जाएगा.  पूजा पाल ने कहा कि राम गोपाल यादव अतीक की मौत का बदला लेने की बात कहते है, ये शब्द भी अखिलेश के है.

अखिलेश यादव सीएम होते तो मैं भी राजू पाल की तरह मारी जाती: पूजा पाल ने कहा कि यह शब्द भले ही रामगोपाल यादव के हों. लेकिन विचार अखिलेश यादव के हैं. सपा का पूरा सिस्टम ही हत्यारों और अपराधियों को बचाने का काम करता है. अगर मैं राजू पाल की हत्या के बाद जीवित हूं तो उसकी एकमात्र वजह हैं सीएम योगी. अगर अखिलेश यादव इस समय मुख्यमंत्री होते या उनकी सरकार होती तो अब तक मेरी हत्या हो चुकी होती.

सीएम योगी धुरंधर मुख्यमंत्री: अतीक की हत्या का बदला लेने वाले बयान पर पूजा पाल ने पलटवार करते हुए कहा कि देखिए इस पर मैं यही कह सकती हूं की योगी आदित्यनाथ जी उत्तर प्रदेश के एक धुरंधर मुख्यमंत्री हैं और जिन्होंने अतीक और मुख्तार जैसे माफियाओं के साम्राज्य का अंत किया है. एक फिल्म ने अतीक अहमद और समाजवादी पार्टी के संबंधों को उजागर कर दिया है. सपा के संरक्षण में अतीक ने एक दीमक की तरह देश को खोखला कर दिया. अतीक केवल मेरा गुनाहगार नहीं था. सपा के संरक्षण में अतीक दीमक की तरह देश को खोखला करता रहा.

सपा का बड़ा फाइनेंसर था अतीक: पूजा पाल ने कहा, ‘मेरे पति राजू पाल की हत्या करके उसने केवल मेरी जिंदगी बर्बाद नहीं की बल्कि हजारों परिवार को पीड़ित बनाया. अतीक ने युवाओं को नशे का आदी बनाकर समाज को बर्बाद किया.  सपा को अतीक की सारी गतिविधियों की जानकारी थी. लेकिन अतीक पर की गई कार्रवाई अखिलेश को पसंद नहीं आई. अतीक अहमद के रूप में समाजवादी पार्टी का बड़ा फाइनेंसर मारा गया, जिससे अखिलेश यादव असंतुष्ट थे. इसलिए रामगोपाल यादव कह रहे हैं कि सत्ता आने पर अतीक की हत्या का बदला लिया जाएगा. सपा के संरक्षण में अतीक और उसके लोगों ने नकली नोटों का कारोबार किया और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *