प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे में मालिक समेत तीन गिरफ्तार, जिला उद्यान अधिकारी निलंबित

Spread the love

राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में कोल्ड स्टोरेज गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंसार अहमद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने अंसार अहमद, उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है.

गंगानगर जोन की फाफामऊ थाना पुलिस, सिटी एसओजी और गंगानगर एसओजी की संयुक्त टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार इनकी गिरफ्तारी फाफामऊ के मलाक हरहर स्थित भदरी रेलवे ओवर ब्रिज के पास से की गई. आरोपियों के कब्जे से एक फॉर्च्यूनर कार और कोल्ड स्टोरेज से जुड़े कागजात व रजिस्टर भी बरामद किए गए हैं.

इससे पहले प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रयागराज पहुंचे और मौके का मुआयना किया. जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया. मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभागीय लापरवाही और निगरानी में कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सोमवार को हुए इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग घायल हैं.

कोल्ड स्टोरेज हादसे में मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार.

मंत्री ने खुद किया घटनास्थल का निरीक्षण: उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह हादसे की सूचना पर मंगलवार को विशेष रूप से प्रयागराज पहुंचे. उन्होंने फाफामऊ स्थित उस कोल्ड स्टोरेज का बारीकी से निरीक्षण किया जहां गैस रिसाव या तकनीकी खराबी के चलते ढांचा गिरने से मजदूर हताहत हुए थे. मौके पर मौजूद अधिकारियों से उन्होंने सवाल-जवाब किए और यह जानने की कोशिश की कि क्या स्टोरेज के संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी.

अस्पताल में घायलों से मुलाकात और ढांढस: निरीक्षण के बाद मंत्री सीधे बेली अस्पताल और स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने हादसे में घायल हुए मजदूरों और उनके परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और सरकार उनके उपचार का पूरा खर्च वहन करेगी. घायलों से बातचीत के दौरान मंत्री भावुक भी नजर आए और उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.

जिला उद्यान अधिकारी पर गिरी गाज: हादसे की प्रारंभिक समीक्षा और स्थानीय स्तर पर मिली शिकायतों के आधार पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को प्रथम दृष्टया दोषी माना. उन्होंने कहा कि कोल्ड स्टोरेज के समय-समय पर निरीक्षण और लाइसेंसिंग की जिम्मेदारी जिला उद्यान विभाग की होती है. इसमें हुई चूक की वजह से ही इतना बड़ा हादसा हुआ. मंत्री के निर्देश पर निलंबन की कार्रवाई तुरंत प्रभावी कर दी गई है.

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी: मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश हैं कि किसी भी निर्दोष की जान के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. यह निलंबन केवल शुरुआत है; इस मामले की विस्तृत जांच के बाद कोल्ड स्टोरेज के मालिक और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

बता दें, सोमवार को दोपहर करीब 1.30 बजे आदर्श कोल्ड स्टोरेज में बड़ा हादसा हुआ था. कूलिंग के दौरान अमोनिया गैस का चैंबर फट गया, जिससे कोल्ड स्टोरेज का बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा. इस हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 14 लोग घायल हो गए थे.

घटना के बाद पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया. घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फाफामऊ में मुकदमा अपराध संख्या 44/2026 दर्ज किया गया. इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने अंसार अहमद समेत जावेद, मोहम्मद असलम, अलाउद्दीन, उस्मान मैनेजर, मंजूर, मोहम्मद इरफान और 4 से 5 अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.

14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी: पुलिस ने बताया कि फिलहाल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ने की बात कही जा रही है. डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *