UP में 10 दिन पहले ही पड़ने लगी भीषण गर्मी, बांदा देश में सबसे गर्म; 47-48°C तक जाएगा पारा

Spread the love

UP में भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 45°C के पार पहुंच गया. शुक्रवार को बांदा का तापमान 45.4°C रिकॉर्ड किया गया. यह पूरे देश में सबसे ज्यादा था. शनिवार सुबह से ज्यादातर जिलों में तेज धूप है. गर्म हवाएं चल रही हैं.

वाराणसी में स्कूलों का समय बदला: वाराणसी में गर्मी के चलते 8वीं तक के स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है. अब सुबह 7.30 से 1 बजे तक क्लासेस चलेंगी. स्कूल जा रहे बच्चे मुंह पर कपड़े बांधे और छाते लिए नजर आए. प्रयागराज-झांसी समेत 17 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इसके पार दर्ज किया गया.

10 दिन पहले से ही गर्मी के सख्त तेवर: पिछले साल अप्रैल के आखिरी हफ्ते यानी 27 अप्रैल को पारा 45°C के पार पहुंचा था. यानी, इस बार 10 दिन पहले से ही गर्मी अपने सख्त तेवर दिखाने लगी है. हालांकि, पश्चिमी यूपी में शुक्रवार शाम मौसम बदल गया. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर में आंधी के साथ बारिश हुई. कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए. इससे पारे में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- “अगले 3 दिनों में तापमान 2-3°C डिग्री बढ़ेगा. महीने के अंत तक पारा 47°C-48°C तक पहुंच सकता है. इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा. हालांकि, इससे बारिश की संभावना नहीं है. आसमान में बादल छा सकते हैं. इससे उमस बढ़ेगी. कहीं-कहीं लू जैसे हालात बनेंगे.”

UP के बड़े शहरों का ये हाल

लखनऊ: सुबह से तेज धूप के साथ उमस का असर बना हुआ है. दिन में अधिकतर समय मौसम साफ रहेगा. बीते 11 दिनों में तापमान में 13 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सीजन में आज पारा अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचेगा.

कानपुर: शहर में सुबह से तेज धूप निकली हुई है. आसमान साफ है। फिलहाल तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब है. दोपहर तक यह तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचाने की संभावना है. अब गर्मी के साथ उमस भी परेशान करने लगी है.

वाराणसी: मौसम साफ है। हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. पारा 45 डिग्री के पार जाने का अनुमान है.

प्रयागराज: रात को ठंड हवाएं चलीं. लेकिन, सुबह सूरज निकलने के साथ ही गर्मी पड़ने लगी. कड़क धूप निकल आई. पिछले तीन दिनों से तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है. बारिश के कोई आसार नहीं है.

अयोध्या: मौसम साफ है. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा. हालांकि, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई. तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा.

गोरखपुर: सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ है. तेज धूप निकलने के कारण दिन की शुरुआत से ही गर्मी का असर तेज हो गया है. तापमान में बढ़ोतरी के चलते लोगों को लू जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *