UP के लखीमपुर में बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे खड़े 4 लोगों को रौंद दिया. हादसे में 2 साल के मासूम समेत 3 की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है. घटना के बाद ड्राइवर डंपर छोड़कर फरार हो गया.
हादसा नीमगांव थाना क्षेत्र में लखीमपुर-महाकालगंज मार्ग पर शिवाला तिराहे के पास हुआ. मोरंग लदा डंपर कस्ता की तरफ से आ रहा था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिवाला तिराहे पर एक परिवार के 4 लोग बाइक के पास सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान कस्ता की ओर से तेज रफ्तार में मोरंग लदा डंपर आया और चारों को रौंदता हुआ निकल गया.
मृतकों की पहचान मोहिनी (24), उनके 2 साल के बेटे अभ्यांश और खुशबू (20) के रूप में हुई है. हादसे में अरविंद घायल हुए हैं. उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
इंस्पेक्टर मितौली दिलीप कुमार चौबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है. वहीं, फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है.
















Leave a Reply