फतेहपुर के हुसैनगंज में गैंगस्टर ने युवक को पीट पीटकर मार डाला, 10 के खिलाफ FIR

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
यूपी के फतेहपुर जिले के हुसैनगंज गाली-गलौज के विवाद के चलते रंजिश में एक गैंगस्टर ने परिवार और साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए. बीच-बचाव करने आए उसके माता-पिता को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया. वहीं इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई. पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

आपको बता दें कि थाना क्षेत्र के रहिमालपुर मजरे जमरावां निवासी अभिमन्यु उर्फ कुन्नू यादव (32) थाने का हिस्ट्रीशीटर था. पुलिस का कहना है कि जेल से छूटने के बाद अभिमन्यु की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. इसी वजह से अक्सर गाली गलौज और पत्थरबाजी करता था. उसने कई बार गैंगस्टर कमेलश यादव से भी गाली गलौज की थी.

शुक्रवार दोपहर दरवाजे पर अभिमन्यु बैठा था. इसी दौरान कमलेश यादव वहां से गुजरा. अभिमन्यु के गाली गलौज करने पर विवाद शुरू हो गया. इस विवाद के कुछ ही देर बाद कमलेश यादव अपने बेटों मनीष व सचिन, साथियों सुरेंद्र, अशोक, विश्वास बहादुर, श्याम सिंह और रिश्तेदारों के साथ हथियारों से लैस होकर अभिमन्यु के दरवाजे पहुंच गया. हमलावरों ने अभिमन्यु को घेरकर तब तक पीटा जब तक वह मरणासन्न नहीं हो गया.

बेटे को बचाने दौड़े पिता मान सिंह और पत्नी ननकी देवी पर भी हमलावरों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया. इससे तीनों घायल हो गए. अभिमन्यु के चाचा ज्ञान सिंह ने तीनों सीएचसी में भर्ती कराया गया. यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां उपचार के दौरान अभिमन्यु की मौत हो गई. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पूरी घटना की जांच में जुट गई है.

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया है कि आरोपी और अभिमन्यु दोनों ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पूर्व में एक साथ जेल भी जा चुके हैं. हाल के दिनों में एक-दूसरे को मुकदमों में फंसाने को लेकर भी इनके बीच रंजिश चल रही थी. शुक्रवार को दोनों के बीच गाली गलौज के चलते विवाद हुआ था। चाचा ज्ञान सिंह की तहरीर पर गैंगस्टर कमलेश यादव समेत 10 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *