कन्नौज में दंपती की नृशंस हत्या: मासूम की हालत गंभीर, छत के रास्ते घुसे थे कातिल; CCTV खंगाल रही पुलिस

Spread the love

UP में कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज कस्बे में पुलिस चौकी के पीछे स्थित बंद सरकारी अस्पताल (परिसर में रहने वाले दिव्यांग दंपती की बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने निर्मम हत्या कर दी. हमलावरों ने उनके एक वर्षीय मासूम बेटे पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. गुरुवार सुबह दरवाजा न खुलने पर भतीजे ने छत से कूदकर ताला खोला, जिसके बाद वारदात का पता चला.

कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के पश्चिमी गेट के पास बने आवास में दिव्यांग संजीव कुमार उर्फ नन्हे लला (32) पत्नी सुधा (26) और एक वर्षीय बच्चे पान्या के साथ रहते थे. बताया जाता है कि बुधवार रात कुछ लोग छत के रास्ते आवास में दाखिल हुए और दंपती की हत्या कर दी. हमलावरों ने मासूम को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया.

कस्बे के अशोक नगर में रहने वाले उनके रिश्तेदार सुबह काफी देर तक दरवाजा खुलने का इंतजार करते रहे. कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब साढ़े नौ बजे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो भतीजे वशिष्ठ ने छत से अंदर छलांग लगाई और दरवाजे का ताला खोला. अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। घायल मासूम को तत्काल निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया.

उनका आठ वर्षीय बेटा कृत्यांश अशोक नगर में वशिष्ठ के पास रहकर कस्बे के निजी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ रहा है. सूचना मिलते ही कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. दोहरे हत्याकांड से कस्बे में सनसनी फैल गई.

एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *