फतेहपुर में सैकड़ो लोगों ने स्मार्ट मीटर उखाड़कर पवार हाउस में फेंके, दहशत में भागे कर्मचारी

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
UP के फतेहपुर जिले के खागा उपखंड क्षेत्र स्थित रसूलपुर सानी पावर हाउस परिसर में आज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के नेतृत्व में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, लगातार बिजली कटौती और विभागीय अधिकारियों की कथित मनमानी के विरोध में था.

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपभोक्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर विरोध दर्ज कराया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने मीटर पावर हाउस परिसर में फेंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया.

किसानों और उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है. साथ ही, बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित की जा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कुछ अधिकारी उपभोक्ताओं को धमकाते हैं और फर्जी मुकदमे दर्ज कराने की धमकी देकर उन पर दबाव बनाते हैं. इस कथित मनमानी को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है.

भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने धरने को संबोधित करते हुए मांग की कि क्षेत्र में लगे सभी स्मार्ट मीटर तत्काल हटाए जाएं और अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए. उन्होंने यह भी कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.

भाकियू ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। यूनियन ने उपभोक्ताओं पर दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमों को निरस्त करने और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बंद करने की भी मांग की. इसी बीच, बिंदकी कस्बे के मुगलाही मोहल्ला की महिलाओं ने भी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर हटवाने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *