फतेहपुर में आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने मार डाला, 5 गिरफ्तार

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में प्रेमिका से मिलने पहुंचे शादीशुदा प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. प्रेमिका ने ही प्रेमी को फोन करके बुलाया था. मिलने पहुंचे युवक को महिला के पति और परिवार वालों ने पकड़ लिया. उसे जमकर पीटा। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. रात में ही ग्रामीणों ने 112 पर सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सुबह साढ़े छह बजे प्रेमिका के गांव के प्रधान ने युवक के भाई को फोन कर बताया कि उसके भाई की मौत हो गई है. उसका शव जिला अस्पताल में पड़ा है. युवक के भाई की शिकायत पर प्रेमिका समेत 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. महिला के पति समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मामला मलवां थाना क्षेत्र का है.

हुसैगनज के भिटौरा गांव में कमलेश दिवाकर (42) अपने परिवार के साथ रहते थे. परिवार में उनकी पत्नी सविता देवी (38) दो बेटियां कोमल (11) और विद्यावती (8) हैं. उनके साथ उनके दो भाई भी रहते थे. कमलेश सटरिंग का काम करता था। दोनों भाई भी उसी के साथ काम करते थे.

रविवार की रात तारा देवी ने कमलेश को फोन कर मिलने के लिए बुलाया. कमलेश उससे मिलने के लिए मलवां के बधैयापुर गांव पहुंचा. इस दौरान तारा देवी के परिवार वालों ने उसे पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की. रात के 2:30 बजे ग्रामीणों ने 112 पर फोन कर बताया कि एक आदमी भैंस चोरी का प्रयास करते हुए पकड़ा गया है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने कमलेश को बुरी तरह घायल पाया. इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया. जहां सुबह साढ़े छह बजे उसकी मौत हो गई.

भाई ने महिला और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया: कमलेश के छोटे भाई सुमेश ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया- 4 मई की रात कमलेश घर से निकले थे. सुबह करीब 6 बजे ग्राम प्रधान ने सूचना दी कि कमलेश का शव जिला अस्पताल में है. तारा देवी ने कमलेश को धोखे से बुधैयापुर बुलाया था. वहां तारा देवी के पति मान सिंह, ससुर राज बिहारी समेत कई लोगों ने मिलकर कमलेश के साथ बेरहमी से मारपीट की.

प्रेमिका के परिजनों ने भैंस चोरी का आरोप लगाया: अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आधी रात 112 पर सूचना मिली थी कि ग्राम बुधैयापुर में एक व्यक्ति को भैंस चोरी का प्रयास करते हुए पकड़ा गया है. शुरूआती जांच में सामने आया है कि कमलेश और तारा देवी का पहले से ही संपर्क था. कल रात कमलेश उससे मिलने आया था, जहां तारा देवी के पति मानसिंह और परिवारवालों ने उसे पकड़ा और मारपीट की.

वहीं, पुलिस ने कमलेश के भाई की तहरीर पर महिला तारा देवी, पति मान सिंह, ससुर राजबिहारी, भतीजा विमल, गोरेलाल, कमल सिंह, अवध बिहारी, छैल बिहारी, अभिमन्यु, आशीष, विमलेश उर्फ भुन्नर, धनंजय, राजेंद्र, रमाकांत समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

डीएसपी सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि कॉल डिटेल में सामने आया है कि महिला ने रात 11 बजे कमलेश को फोन किया था. सीडीआर चेक कराया जा रहा है। अभी तक महिला के पति समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *