यूपी के जालौन के 4 पुलिसकर्मियों समेत 5 की हरियाणा के नूंह में सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे एक्सप्रेस-वे पर हुआ। मरने वालों में 2 दरोगा, 2 सिपाही और ड्राइवर शामिल हैं. पुलिसकर्मी अपहरण के मामले में स्कॉर्पियो से दबिश देने गए थे.
लौटते वक्त ड्राइवर ने एक्सप्रेस-वे पर ओवरटेक करने की कोशिश की. इसी दौरान स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई. इसके बाद पांचों पुलिसकर्मियों के शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गए. पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला. चारों पुलिसकर्मी जालौन की उरई कोतवाली में तैनात थे.
हरियाणा के जींद RTO में रजिस्टर है गाड़ी: जिस काले रंग की स्कॉर्पियो से पुलिसवाले जा रहे थे, वह हरियाणा के जींद RTO में रजिस्टर्ड है. हादसे में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मौके से पुलिस को एक आई-कार्ड मिला है, जो सब-इंस्पेक्टर मोहित यादव का है.

तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम ने बताया-“पांचों शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी. मौके पर एंबुलेंस बुलाकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.” पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मृतकों के घरवालों को भी घटना की सूचना दी.
पुलिस टीम स्कॉर्पियो से नूंह में दबिश देकर यूपी लौट रही थी. सुबह के करीब साढ़े 10 बजे थे। हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास स्कॉर्पियो एक गाड़ी को ओवरटेक करने लगी. इसी दौरान स्कॉर्पियो बेकाबू होकर सामने चल रही गाड़ी से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दरोगा मोहित यादव, दरोगा सत्यभान, कॉन्स्टेबल अशोक कुमार, सर्विलांस टीम के सिपाही प्रदीप और स्कॉर्पियो के ड्राइवर शामिल हैं. अभी ड्राइवर की पहचान हो पाई है. सभी पुलिसकर्मी उरई कोतवाली क्षेत्र में तैनात थे.
अपहरण केस की जांच में गई थी टीम: यह पूरी कार्रवाई एक अपहरण केस से जुड़ी थी. पंजाब के संगरूर में रहने वाले अमरीक सिंह ने 4 मई को उरई कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मौसेरे भाई बिजेंदर सिंह का अपहरण कर लिया गया. मामला 32 एकड़ जमीन से जुड़ा है.

शिकायत के अनुसार, 4 मई की सुबह ट्यूबवेल की कोठरी में सो रहे बिजेंदर सिंह को 4 बदमाशों ने अगवा कर लिया था. इस दौरान शिकायतकर्ता का मोबाइल भी छीन लिया गया था. पहले घरवालों ने पहले खुद तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसी मामले की जांच और बरामदगी के लिए SOG टीम हरियाणा गई थी.
एसपी जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि उरई कोतवाली में मुकदमा दर्ज था. टीम अपहृत की बरामदगी के लिए हरियाणा गई थी. हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
















Leave a Reply