रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में भूमि विवाद को लेकर एक किसान की लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके चलते गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है. परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक हंगामा किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है.

खागा कोतवाली क्षेत्र के धर्मंगदपुर नरवा गांव निवासी 50 वर्षीय फूल सिंह लोधी खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. बताया जा रहा है कि उनका गांव के वर्तमान प्रधान भूपेंद्र सिंह उर्फ मदन से लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। शनिवार शाम फूल सिंह असोथर थाना क्षेत्र के सातों गांव में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने गए थे. देर रात जब वह वापस घर लौट रहे थे तभी वैसापुर और नरवा गांव के बीच रास्ते में घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल किसान की मौके पर ही मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव उठाने से इनकार करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस फोर्स ने लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बताया जा रहा है कि बीती 8 मई को भी मृतक के भाई जय सिंह के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
















Leave a Reply