पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में टीचरों के टॉर्चर से परेशान हेड कांस्टेबल के 14 साल बेटे आयुष प्रताप सिंह ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। आज ही के दिन आयुष का बर्थडे था. सुसाइड करने से पहले छात्र ने पर्ची में एक नोट लिखा, लेकिन बाद में उसे फाड़ दिया.
बेटे की मौत से हेड कांस्टेबल बदहवास हो गए, उन्होंने बिलखते हुए कहा कि बेटे ने मुझसे बर्थडे में गिटार मंगाया था, लेकिन वह मुझे बर्थडे के दिन अपनी जान दे देगा, इसका मुझे एहसास नहीं था.
मूलरूप से कौशांबी के मानीपुर, दादा नगर निवासी हेड कांस्टेबल राकेश कुमार पत्नी मीना व तीन बच्चे अभय प्रताप, आयुष व बेटी आर्या के साथ बर्रा–2 में रहते थे. राकेश वर्तमान तौर पर लखनऊ के महानगर कोतवाली में तैनात हैं.
उन्होंने बताया कि केशव नगर स्थित मदर टेरेसा स्थित स्कूल में अभय 12वीं, आयुष 9वीं व आर्या 7वीं की छात्रा है. 13 मई को कौशांबी स्थित गांव में भतीजे की शादी समारोह में शामिल होने के लिए राकेश पत्नी व बेटी के साथ गए थे.
बड़े भाई दरवाजा तोड़ देखा शव: राकेश ने बताया कि आयुष का 16 मई को बर्थडे है। बेटे ने कहा था कि पापा मैं घर पर रहकर पढ़ाई करूंगा, शादी में नहीं जाऊंगा. मुझे बर्थडे के लिए गिटार गिफ्ट में देना। जिसपर उन्होंने हामी भर दी थी. बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बड़े बेटे अभय ने फोन कर बताया कि आयुष ने कमरा बंद कर लिया है. वह दरवाजा नहीं खोल रहा है. इस पर उन्होंने अभय से दरवाजा तोड़ने की बात कही.
अभय दरवाजा तोड़ कमरे के अंदर दाखिल हुआ, जहां अभय का शव फंदे पर लटकता मिला. जानकारी पर बर्रा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पहुंची और जांच की. पिता ने बताया कि आयुष के कमरे से एक फटी हुई पर्ची मिली, जिसमें कुछ लिखा हुआ था. पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल में आए दिन के टॉचर्र की वजह से बेटे ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया.
पिता बोले- इस सरकार ने सबको बर्बाद कर दिया: पिता ने बताया कि बेटा मुझसे कहता था कि पापा इस स्कूल में मुझे नहीं पढ़ना है. यहां अच्छे से पढ़ाई नहीं होती है। साथ ही स्कूल के टीचर, अलग से ट्यूशन क्लासेज ज्वाइन करने का दबाव बनाते हैं. कहते हैं कि अगर ट्यूशन नहीं पढ़ा तो फेल कर देंगे.
उन्होंने शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूल टीचर बच्चों पर ट्यूशन पढ़ने का दबाव बनाते हैं। माता-पिता अपनी गाढ़ी कमाई से बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन स्कूल सिर्फ लूटने का काम करता है. उन्होंने फफकते हुए कहा कि इस सरकार ने सबको बर्बाद कर दिया.
वहीं जन्मदिन के दिन बेटे की मौत से मां मीना बेसुध हो गईं. उन्होंने कहा कि कोई तकलीफ थी तो मुझसे कहता, ऐसा कदम क्यों उठा लिया मेरे लाल.
बर्रा थाने के इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव बोले- “मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.”
















Leave a Reply