घाटमपुर में आग में झुलसी दुल्हन के लिए अस्पताल बना मंडप, बर्न वार्ड में दूल्हे ने रचाई शादी

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में एक शादी की खुशियां उस समय दर्द में बदल गईं, जब शादी से ठीक पहले घर में लगी आग में दुल्हन समेत 12 लोग झुलस गए। लेकिन इस हादसे के बीच दूल्हे ने ऐसा फैसला लिया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। दूल्हे ने अस्पताल में ही मंडप सजवाकर बर्न वार्ड में दुल्हन से शादी रचा ली।

घाटमपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी जगदीश की बेटी श्वेता की गुरुवार को शादी होनी थी। बुधवार देर शाम घर में मेहंदी और शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर की पाइप में रिसाव होने से अचानक आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में चूल्हे पर रखी गर्म तेल से भरी कढ़ाई पलट गई, जिससे आसपास मौजूद लोग झुलस गए। हादसे में दुल्हन श्वेता समेत 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को चार एंबुलेंस की मदद से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में श्वेता को कानपुर के जाजमऊ स्थित मिशिका अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही दूल्हा विकास सिंह अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंच गया। परिवार वालों ने हालात देखते हुए शादी टालने की सलाह दी, लेकिन विकास ने साफ कहा कि वह हर परिस्थिति में श्वेता का साथ निभाएगा। इसके बाद दोनों परिवारों और अस्पताल प्रशासन की सहमति से बर्न वार्ड को फूल-मालाओं से सजाया गया। अस्पताल के बेड पर भर्ती श्वेता के साथ विकास ने वैवाहिक रस्में पूरी कीं और उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया।

यह भावुक दृश्य देखकर अस्पताल स्टाफ और परिजनों की आंखें नम हो गईं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दुल्हन की हालत में अब सुधार है और जल्द ही उसे डिस्चार्ज किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *