शिवराजपुर में गंगा स्नान के दौरान 3 लोग डूबे: महिला को बचाने में कूदे, 2 को बचाया

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरैया घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान तीन लोग डूब गए. यह हादसा एक महिला को बचाने के दौरान हुआ. महिला को डूबता देख बचाने के प्रयास में तीन लोग गंगा की तेज धारा में बह गए.

स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है वहां उसकी मौत हो गई.

सरैया घाट पर परिवार के साथ स्नान करने आए थे: जानकारी के अनुसार, रायपुरवा थाना क्षेत्र के कारवालों नगर, अफीम कोठी निवासी राज चौरसिया अपने परिवार के साथ सरैया घाट पर गंगा स्नान के लिए आए थे. परिवार में यसी चौरसिया, सीमा चौरसिया, सन्नो चौरसिया, जय चौरसिया, गुल्लू उर्फ अंबर चौरसिया और दीपांती चौरसिया भी मौजूद थीं.

स्नान करते समय दीपांती चौरसिया निर्धारित सुरक्षा सीमा से आगे चली गईं और उनका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूबने लगीं। दीपांती को बचाने के लिए राज चौरसिया तुरंत गंगा में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी डूबने लगे. उन्हें बचाने के प्रयास में अंबर उर्फ गुन्नू चौरसिया भी पानी में उतर गए और वह भी डूबने लगे.

गोताखोरों ने दो बचाया, तीसरे की बाहर निकलकर मौत: कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर शिवराजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल और बीट प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक सिंह के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दीपांती चौरसिया (38) और अंबर उर्फ गुन्नू चौरसिया (15) को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद, राज चौरसिया को भी खोजबीन कर पानी से बाहर निकाला गया.

पुलिस ने तत्काल फायर एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवराजपुर भेजा. वहां दीपांती की हालत सामान्य बताई गई, जबकि राज चौरसिया की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया. लेखपाल ऋषभ दुबे के अनुसार परिजन राज चौरसिया को गंभीर हालत में कल्याणपुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *