पुनीत शुक्ला, कानपुर।
लखनऊ में अधिवक्ताओं के खिलाफ प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज और अतिक्रमण कार्रवाई के विरोध में सोमवार को कानपुर के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर तीखा प्रदर्शन किया. कानपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार अवस्थी और महामंत्री विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को लखनऊ में अधिवक्ताओं के साथ हुए दंडात्मक कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए और सभी पीड़ित अधिवक्ताओं के नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने यह भी मांग की कि प्रदेश के सभी कचहरी परिसरों में अधिवक्ताओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था तैयार की जाए, ताकि गर्मी, बारिश और सर्दी में न्याय की आस लेकर आने वाले लोगों को न्याय दिलाने में कोई असुविधा न हो.
बार एसोसिएशन के महामंत्री विनय कुमार मिश्रा ने कहा, “अधिवक्ता 50 डिग्री की तपती धूप में भी कचहरी परिसर में आकर लोगों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ते हैं, लेकिन सरकार उन पर लाठियां चलवा रही है. यह बेहद गलत है. सभी अधिवक्ता संगठन इसका घोर विरोध करते हैं.” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिवक्ताओं के हितों की अनदेखी जारी रही, तो 2027 के चुनाव में अधिवक्ता इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे.
















Leave a Reply