ऋषिकेश में पटरी से उतरे उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डिब्बे, हवा में लटकी बोगी; मचा हड़कंप

Spread the love

योगनगरी ऋषिकेश के रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात मेंटेनेंस के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरकर पलट गए. राहत की बात ये रही कि ट्रेन खाली थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया. हादसा इतना भयानक था कि एक बोगी पटरी से बिल्कुल अलग होकर पलट गई और करीब 20 फुट तक ट्रैक से बाहर लटक गई. रेलवे ने जांच शुरू कर दी है.

शंटिंग के दौरान हुआ ट्रेन हादसा: योग नगरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची उज्जैनी एक्सप्रेस जब वाशिंग लाइन में शंटिंग हो रही थी तभी वह अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते वह वॉशिंग लाइन ट्रैक पर तेजी से आगे बढ़ी और एंड पॉइंट पर तेज आवाज के साथ बफर स्टॉप से टकरा गई. घटना में इंजन के पीछे के तीन डब्बे पटरी से उतर गए.

हादसे की आवाज सुनकर खांड गांव के आसपास के लोग सहम गए और वह घटनास्थल की ओर दौड़े. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में जीआरपी, पुलिस और स्टेशन प्रशासन मौके पर पहुंचा. घटना के बारे में जानकारी जुटाई. फिलहाल यह नहीं पता चला है कि आखिरकार ऐसा क्या हुआ की यह हादसा हुआ है.

कोई हताहत नहीं: कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली. यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से शाम को योग नगरी स्टेशन पहुंची थी. उसके बाद यह वॉशिंग लाइन में शंटिंग हो रही थी, तभी अचानक यह हादसा हुआ. यह ट्रेन कल सुबह उज्जैन के लिए योग नगरी रेलवे स्टेशन से रवाना होनी थी. योग नगरी रायवाला ट्रैक बाधित नहीं हुआ है. वहीं इस घटना की रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *