रजिस्ट्रेशन क्लीनिक का पर चल रहा पूरा अस्पताल, फतेहपुर ACMO ने मारा S R मेडिसिटी में छापा

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी अस्पतालों पर लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद मानकों की अनदेखी कर अस्पतालों का संचालन बदस्तूर जारी है. मंगलवार को एसीएमओ के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थरियांव के पूर्वी बायपास स्थित S R मेडिसिटी हॉस्पिटल में छापा मारकर जांच पड़ताल की कार्रवाई के दौरान S R मेडिसिटी हॉस्पिटल थरियांव, नैन्सी हॉस्पिटल लोधीगंज सहित अन्य निजी अस्पतालों में दस्तावेजों, पंजीकरण, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और स्टाफ की जांच की गई.

छापेमारी की सूचना मिलते ही कई अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया. कुछ स्थानों पर अभिलेख अधूरे पाए गए तो कहीं मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं.

सूत्रों के अनुसार, नैन्सी हॉस्पिटल को पूर्व में भी चार से पांच बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस देकर खानापूर्ति किए जाने के आरोप लग रहे हैं.

थरियांव थाना क्षेत्र में संचालित S R मेडिसिटी हॉस्पिटल के बाहर लगे बोर्ड में स्पष्ट रूप से हड्डी रोग अस्पताल लिखा हुआ है, जबकि सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल का पंजीकरण क्लीनिक के रूप में बताया जा रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्लीनिक की आड़ में आखिर अस्पताल का संचालन कैसे किया जा रहा है.

जानकारों का कहना है कि नियमानुसार क्लीनिक पंजीकरण के तहत मरीज भर्ती करना, ऑपरेशन करना और सर्जरी जैसी सुविधाएं संचालित करना नियमों के विपरीत माना जाता है. इसके बावजूद निरीक्षण के बाद केवल नोटिस जारी कर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगे जाने की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल झोलाछापों के भरोसे संचालित हो रहा है और निरीक्षण के दौरान भी मौके पर डॉक्टर नहीं मिले. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब अस्पताल में लगातार अनियमितताएं मिल रही हैं तो स्वास्थ्य विभाग केवल नोटिस देकर कार्रवाई की औपचारिकता क्यों पूरी कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *