पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के दक्षिणी इलाके बर्रा, जरौली और कर्रही में पिछले पांच दिनों से बिजली संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी और 44 डिग्री तापमान के बीच करीब 10 लाख की आबादी बिजली कटौती से परेशान है. हालात ऐसे हैं कि लोग रातभर घरों में नहीं रुक पा रहे और हाईवे पर टहलकर या चारपायी डालकर रात गुजारने को मजबूर है.
सबसे बड़ा दुर्भाग्य तो ये कि सपा शासन में रात में घंटे भर बिजली चले जाने से खटिया-मचिया बिछाने वाले किसी भाजपायी ने इन लोगों के दर्द को नहीं समझा जबकि उनमें आज अधिकांश विधायक है.
लगातार बिजली न आने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. हंगामे की सूचना पर गोविंद नगर विधानसभा से विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ केस्को एमडी नेहा जैन से मुलाकात की. कहा- जहां दिक्कत ज्यादा है, वहां अधिकारी भी फील्ड में उतरें. एमडी ने भरोसा दिलाया कि जहां-जहां बिजली संकट ज्यादा है, वहां अधिकारियों की स्पेशल ड्यूटी लगाई जाएगी और अतिरिक्त टीमें तैनात की जाएंगी.
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं, मरीजों की हालत खराब हो रही है और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र भी दिक्कत झेल रहे हैं. उन्होंने कहा, “डीएम ने लोगों से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घरों में रहने की अपील की है, लेकिन जब बिजली ही नहीं होगी तो लोग घर में कैसे रहेंगे?”
जहां ज्यादा दिक्कत, वहां 3-3 अधिकारियों की टीम बना रहे: मैथानी ने बताया कि जिन इलाकों में ज्यादा परेशानी है वहां तीन-तीन अधिकारियों की टीमें बनाई जा रही हैं. उनके नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे, ताकि लोग सीधे संपर्क कर सकें. साथ ही ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और ट्रॉली ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “जनता को बिजली के लिए परेशान न होना पड़े, यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी है.”
लोग बोले- सड़क पर टहलकर काट रहे रात: बर्रा निवासी रेखा श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली न आने की वजह से लोग रातभर सो नहीं पा रहे हैं. उन्होंने कहा, “हम लोग घरों के बाहर दरवाजे पर बैठते हैं, फिर हाईवे पर जाकर टहलते हैं। कई बार केस्को अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। हर महीने बिल समय से जमा करते हैं, तो बिजली भी नियमित मिलनी चाहिए.” जरौली निवासी अनीता ने कहा कि पांच दिनों से इलाके में हालात बेहद खराब हैं. छोटे बच्चे रातभर जाग रहे हैं और बाहर काम करने वाले लोग भी आराम नहीं कर पा रहे. उन्होंने कहा, “अगर रातभर नींद नहीं मिलेगी तो लोग अगले दिन काम कैसे करेंगे?”
“नई एमडी काम नहीं संभाल पा रहीं तो इस्तीफा दें” बर्रा निवासी हिमांशु मिश्रा ने केस्को पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मौसम विभाग लू का अलर्ट जारी कर रहा है और लोगों से घर में रहने को कह रहा है, लेकिन बिना बिजली के घरों में रहना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा, “केस्को की नई एमडी अगर व्यवस्था नहीं संभाल पा रहीं तो इस्तीफा दे दें. पहले कहा गया कि CUGL के काम की वजह से लाइन डैमेज हुई है. हम लोग कई दिनों से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा। लोग सड़क किनारे चारपाई डालकर सोने को मजबूर हैं. अगर कोई हादसा हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा?”
केस्को एमडी बोलीं- लाइन डैमेज होने से बढ़ी समस्या: केस्को एमडी नेहा जैन ने बताया कि दक्षिण कानपुर के नौ सबस्टेशनों में लाइन डैमेज होने की वजह से सिंगल सोर्स सप्लाई पर बिजली दी जा रही है। इसी कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विधायक सुरेंद्र मैथानी से मुलाकात के बाद पीक ऑवर में अतिरिक्त अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही अन्य तकनीकी टीमों को भी लगाया गया है, ताकि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सामान्य की जा सके।
















Leave a Reply