सजेती में ट्रक-बाइक की टक्कर, 2 पेंटर की मौत; ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा कोरिया मोड़ के पास उस समय हुआ, जब सामने से आ रहे ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. घटना से नाराज ग्रामीणों ने परास-बरीपाल लिंक मार्ग पर जाम लगाकर भारी वाहनों के आवागमन का विरोध किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया.

घाटमपुर थाना क्षेत्र के बंगला परास गांव निवासी 35 वर्षीय राज कुमार संख्वार अपने साथी 36 वर्षीय रामशंकर कोरी के साथ बाइक से कोरिया की ओर जा रहे थे. दोनों पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

जैसे ही उनकी बाइक परास-बरीपाल लिंक मार्ग पर स्थित कोरिया गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

राहगीरों ने दी सूचना, पुलिस ने शव भेजे पोस्टमार्टम: घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची सजेती पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

20 मिनट तक लगा रहा जाम: हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने परास-बरीपाल लिंक मार्ग पर जाम लगा दिया. लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग से लगातार भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है.

करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा. बाद में पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया.

पिता बोले- सुबह मजदूरी पर निकला था बेटा: मृतक रामशंकर के पिता दिनेश कोरी ने बताया कि उनका बेटा सुबह करीब 10 बजे मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकला था. उन्हें नहीं पता था कि वह कहां जा रहा है. बाद में फोन पर बेटे की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *