सचेंडी में 50 लाख की चोरी: ढाई लाख कैश, 22 तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी उड़ा ले गए

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में चोरों ने एक से करीब 50 लाख रुपए की चोरी की. बदमाश घर में घुसकर नकदी, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घटना की जानकारी हुई.

चोरों ने वारदात के दौरान घर के सभी कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी, जिससे परिवार के लोग रातभर अंदर ही बंद रहे. बदमाशों ने अलमारी और लॉकर तोड़कर करीब ढाई लाख रुपए नकद, 22 तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी चोरी कर ली. सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है. घटना सचेंडी थाना क्षेत्र में शनिवार रात को हुई.

चोरों ने अलमारी और लॉकर तोड़कर करीब ढाई लाख रुपए नकद, 22 तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी चोरी कर ली.

सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा घनश्याम में रहने वाले उपेंद्र सिंह पेशे से अधिवक्ता हैं. उनके छोटे भाई गजेंद्र सिंह लकड़ी का कारोबार करते हैं. शनिवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे.

गजेंद्र अपनी पत्नी मीनू, बेटे युवराज और बेटी आराध्या के साथ नीचे के कमरे में सो रहे थे जबकि उपेंद्र अपनी पत्नी शशि, बेटे रुद्र प्रताप और बेटी अनवेसा के साथ ऊपर बने कमरे में थे. देर रात शातिर चोर घर की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए.

चोरों ने पहले सभी कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी. इसके बाद ऊपर के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखी ज्वेलरी और नकदी समेट ली. फिर नीचे आकर अलमारी और लॉकर तोड़कर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर लिया. चोर घर के अन्य कमरों से भी सामान लेकर फरार हो गए.

सुबह खुला चोरी का राज: सुबह जब परिवार के लोग उठे तो कमरों की कुंडी बाहर से बंद मिली. इसके बाद अनवेसा ने अपने ताऊ के बेटे रघु को फोन कर बुलाया. कुंडी खुलने के बाद परिवार के लोग बाहर निकले तो घर के कमरे खुले पड़े थे और अलमारी टूटी हुई मिली. उसमें रखी ज्वेलरी और नकदी गायब थी.

परिजनों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही सचेंडी थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और एसीपी पनकी मनोज सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पूछताछ में परिवार ने बताया कि चोर करीब ढाई लाख रुपए नकद, डेढ़ किलो चांदी और 22 तोला सोना चोरी कर ले गए. परिवार का कहना है कि चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे थे.

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि सुबह 112 के जरिए सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है. परिजनों ने करीब 50 लाख रुपए की चोरी होने की बात कही है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और जल्द घटना के खुलासे का दावा किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *