पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, कानपुर लखनऊ एक्सप्रेसवे और गोलचक्कर से रामा देवी चौराहे तक बनने वाले एलीवेटेड रोड का शिलान्यास और उद्घाटन फिलहाल टल गया है। रेलवे, पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन की ओर से 25 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां शुरू दी थीं अब बताया जा रहा है कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम की तारीख तय नहीं हो पायी है. कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा शहर की कई बड़ी परियोजनाओं का एक साथ शिलान्यास किया जा सकता है.
सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, गोल चौराहा से रामादेवी तक प्रस्तावित एलिवेटेड मार्ग, रिंग रोड और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं को एक साथ जोड़कर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है. इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मांगा गया है.

ये फोटो रावतपुर रेलवे स्टेशन की है, यहीं से मंधना- अनवरगंज एलीवेटेड रेलवे लाइन बनाई जानी है..
पूर्वोत्तर रेलवे की इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1115.65 करोड़ रुपये है. रेलवे ने निर्माण कार्य का ठेका राजस्थान की इंफ्रा बिल्ड प्रोजेक्ट कंपनी को लगभग 830.90 करोड़ रुपये में दिया है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण भी किया था.

कानपुर- लखनऊ एक्सप्रेसवे के उद्घाटन में समय लगेगा.
परियोजना के लिए अब तक करीब चार हजार वर्गमीटर भूमि रेलवे को उपलब्ध कराई जा चुकी है, जबकि अतिरिक्त एक हजार वर्गमीटर जमीन की मांग की गई है. मंधना क्षेत्र के बेरी अकबरपुर, जूहीखुर्द, गोसाईगंज, कल्याणपुर कला, बगाही बांगर और परगही बांगर गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. PWD की ओर से इस पर लगभग 36 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं.
करीब 15.51 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड रेलवे ट्रैक मंधना से अनवरगंज स्टेशन तक बनाया जाएगा. इसके बनने से जीटी रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी. साथ ही दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का दबाव भी कम होगा और ट्रेनों के संचालन में सुविधा मिलेगी.
















Leave a Reply