पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई. कोचिंग जा रही छात्रा को पीछे से आए मौरंग लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा ने अस्पताल ले जाते समय एम्बुलेंस में दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
मृतक की पहचान 14 वर्षीय शुभांगी के रूप में हुई है. शुभांगी के पिता अमित स्थानीय चमड़ा फैक्ट्री में नौकरी करते हैं. छात्रा जाजमऊ स्थित जेके कॉलोनी में अपने माता-पिता के साथ रहती थी. शुभांगी परिवार की इकलौती बेटी थी.
इसी ट्रैक्टर ने कोचिंग जा रही छात्रा को रौंदा.
साइकिल से कोचिंग जा रही थी छात्रा: परिजन के मुताबिक, शुभांगी सोमवार शाम साइकिल से हरजिंदर नगर स्थित कोचिंग पढ़ने जा रही थी. जेके चौराहे के पास पीछे से आए अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही छात्रा सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता चला गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद शुभांगी दर्द से चीखती रही. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत ट्रैक्टर रुकवाया और छात्रा को संभाला.

मृतक शुभांगी की फाइल फोटो
हैलट ले जाते समय तोड़ा दम: सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्रा को पास के निजी अस्पताल ले गए. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में एम्बुलेंस में ही उसकी मौत हो गई. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
चालक भागने लगा, भीड़ ने पकड़कर पीटा: घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश फैल गया. प्रत्यक्षदर्शी रवि और सत्यम के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक राजू मौके से भागने की कोशिश कर रहा था. लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी. बाद में आरोपी चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में ट्रैक्टर चला रहा था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.
जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.















Leave a Reply