पुनीत शुक्ला, कानपुर।
ऑटो बनवाने के लिए के पैसा न जुटा पाने से परेशान एक युवक शराब के नशे में धुत होकर कानपुर के जरौली फेस–1 स्थित 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया . घटना से इलाके में अफरा–तफरी मच गई। इलाकाई लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी में चढ़ने का प्रयास किया, जिस पर नशेबाज युवक टंकी से कूदने की धमकी देने लगा. पुलिस ने उसकी ऑटो बनवाने का आश्वसान दिया, जिसके बाद वह नीचे उतरा. करीब ढाई घंटे चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने नशेबाज को नशा मुक्ति केंद्र भेजा.

टंकी से उतरे युवक को पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र भेजा
बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जरौली फेस–वन निवासी शैलेंद्र दुबे ऑटो ड्राइवर है. उसकी दो ऑटो है, जो काफी समय पहले खराब हो गई थी जिन्हें बनवाने के लिए उसने गैराज भिजवाया था. शैलेंद्र शराब का लती है. ऑटो खराब होने और आर्थिक तंगी के कारण वह परेशान चल रहा था. मंगलवार को उसने ऑटो बनवाने के लिए पिता चंद्र कुमार दुबे से पैसे मांगे, जिस पर उन्होंने मना कर दिया.
पुलिस ने लाउडहेलर के जरिए शैलेंद्र से टंकी में चढ़ने का कारण पूछा, जिस पर उसने बताया कि काफी समय से उसकी ऑटो खराब है, जिसे बनवाने के लिए उसके पास पैसा नहीं है. परिवारवालों से पैसा मांगने पर उन्होंने इंकार कर दिया. पुलिस ने शैलेंद्र के परिजनों को मौके पर बुलाया, परिजनों ने पैसे देने की हामी भरी, लेकिन वह नहीं माना। जिसके बाद पुलिसवालों ने उसे आश्वासन दिया कि वह उसकी ऑटो बनवाने के लिए पैसे देंगे, तब जाकर वह नीचे उतरा.
बर्रा इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक आर्थिक तंगी से आजिज आकर टंकी में चढ़ गया था, उसे नशा मुक्ति केंद्र भिजवाया गया है.















Leave a Reply