पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर की डिफेंस कॉलोनी में आगजनी मामले में जेल से छूटे सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी एक बार फिर विवादों में आ गए हैं. चमनगंज के हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी के पदाधिकारी ने पूर्व विधायक के गनर व साथियों पर मारपीट कर 2.70 लाख रुपए लूटने का आरोप लगाया है. पीड़ित का कहना है पूर्व विधायक ने 3 लाख रंगदारी की मांग की थी. इसका विरोध करने पर उनके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया.
गनर पर मारपीट का आरोप लगाकर हंगामा, नारेबाजी: इसके बाद चमनगंज में बकरा बाजार के पदाधिकारी के पक्ष में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी व इलाकाई लोग इकट्ठा हो गए. पूर्व विधायक के गनर की ओर से मारपीट से आक्रोशित लोगों ने हलीम ग्राउंड के सभी गेट बंद कर जमकर हंगामा किया. पूर्व विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाए. मौके पर पहुंची चमनगंज पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन पदाधिकारी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे..

करीब 2 घंटे चले हंगामे के बाद बकरा मंडी पदाधिकारी ने लूट, रंगदारी, मारपीट मामले में तहरीर दी. वहीं मामले में पूर्व विधायक ने बताया कि वर्षों से लगने वाली बकरामंडी में वसूली की शिकायतों की जानकारी मिलने पर विधायक नसीम सोलंकी के साथ गए थे. वहां उनके गनरों के साथ मारपीट की गई और उसकी कार्बाइन छीनने का प्रयास किया गया.
पटकापुर निवासी वफा अब्बास ने बताया कि हलीम ग्राउंड में कई सालों से बकरा बाजार का संचालन उनकी ओर से किया जाता है. त्योहार के मद्देनजर मंगलवार रात बाजार में भारी भीड़ थी। तभी पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने कुछ साथियों व गनर के साथ बाजार आए और उनका नाम लेकर गाली-गलौज करने लगे. आरोप है कि पूर्व विधायक के पास पहुंचे तो गनर ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
आरोप लगाया कि इस दौरान पूर्व विधायक ने मंडी लगाने के नाम पर उनसे 3 लाख रुपए की रंगदारी मांगी, विरोध करने पर पूर्व विधायक के साथियों ने उनके साथ मारपीट कर 2.70 लाख रुपए छीन लिए.

वहीं मामले में पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने बताया कि हलीम मुस्लिम हंटर कॉलेज में बकरों की वर्षों पुरानी दुकान लगती है, जहां आने वाले ग्राहकों और कारोबारियों से वसूली की शिकायत मिल रह थी. इस पर वह सपा विधायक नसीम सोलंकी के साथ पहुंचे थे। विधायक ने वसूली का विरोध किया तो फैज अब्बास, सैम और उनके साथी भड़क गए और हमलावर हो गए.
गनर ने बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ हाथापाई करने लगे। कार्बाइन छीनने का भी प्रयास किया. लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. पूर्व विधायक ने बताया कि गनर की ओर से आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है. मामले को लेकर वह पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेंगे.















Leave a Reply