पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में सीसामऊ सीट से सपा विधायक नसीम के पति इरफान सोलंकी पर बुधवार को मारपीट, गाली-गलौच का केस दर्ज हुआ है. आरोप है कि इरफान अपने समर्थकों के साथ मंगलवार की रात चमनगंज के हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी पहुंचे. बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारी वफा अब्बास से मारपीट की.
वफा अब्बास ने आरोप लगाया कि इरफान ने उनसे 3 लाख की रंगदारी मांगी, मना करने पर उनके साथियों ने पीटा. वफा अब्बास के 2 लाख 70 हजार रुपए लूट लिए. अब वफा अब्बास की शिकायत पर इरफान सोलंकी पर नामजद और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और जान-बूझकर अपमान करने की धाराओं में FIR लिखी है.
वहीं, विधायक पत्नी नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद की शिकायत पर वफा अब्बास, इमरान, फहद के अलावा उनके अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज हुई है.
इरफान 34 महीने जेल में रहे, 8 महीने से जमानत पर: पूर्व विधायक इरफान सोलंकी कानपुर की डिफेंस कॉलोनी में आगजनी मामले में जमानत पर बाहर हैं. वह 34 महीने जेल में रहकर पिछले साल 30 सितंबर 2025 को महाराजगंज की जेल से बाहर आए थे.

वफा अब्बास ने कहा- इरफान सोलंकी ने रंगदारी मांगी: पटकापुर के रहने वाले वफा अब्बास ने बताया, हलीम ग्राउंड में कई सालों से बकरा बाजार लगवाई जा रही है. बकरीद के चलते मंगलवार रात बाजार में भारी भीड़ थी. सड़कें जाम हो रही थीं. इसलिए लोगों को रास्ते से हटने के लिए कह रहा था. तभी पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने कुछ साथियों बाजार आए. मेरा नाम लेकर गाली देने लगे.
लोगों ने जब मुझे यह बात बताई तो मैं उनके पास पहुंचा. इसके बाद इरफान और उनके साथियों ने मुझे पीटना शुरू कर दिया. कमेटी के समीर, फहद, इकराम समेत अन्य लोगों ने विरोध किया तो इरफान सोलंकी ने उनके साथ भी मारपीट की. जान से मारने की धमकी देकर लात-घूसों से मारा. हम लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई.
वफा अब्बास का आरोप है कि पूर्व विधायक ने मंडी लगाने के नाम पर उनसे 3 लाख रुपए की रंगदारी मांगी, विरोध करने पर पूर्व विधायक के साथियों ने उनके साथ मारपीट की.
इरफान बोले- वसूली की शिकायत मिली थी: इरफान सोलंकी ने बताया कि हलीम मुस्लिम हंटर कॉलेज में बकरों की वर्षों पुरानी बाजार लगती है, जहां आने वाले ग्राहकों और कारोबारियों से वसूली की शिकायत मिल रह थी. इस पर वह पत्नी नसीम सोलंकी के साथ पहुंचे थे। विधायक नसीम सोलंकी ने वसूली का विरोध किया तो वफा अब्बास और उनके साथी भड़क गए और हमलावर हो गए.
गनर अजीम ने बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ हाथापाई करने लगे. कार्बाइन छीनने का भी प्रयास किया. लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. पूर्व विधायक ने बताया कि गनर की ओर से आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी गई है. मामले को लेकर वह पुलिस कमिश्नर से भी मुलाकात करेंगे.

गनर पर मारपीट का आरोप लगाकर हंगामा, नारेबाजी: घटना के बाद बकरा बाजार के पदाधिकारी अपने समर्थकों के साथ एकजुट हो गए. लोगों ने हलीम ग्राउंड के सभी गेट बंद कर जमकर हंगामा किया। पूर्व विधायक मुर्दाबाद नारे लगाए.
मौके पर पहुंची चमनगंज पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन पदाधिकारी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे. करीब 2 घंटे हंगामा चलता रहा.
विधायक के गनर ने कहा- मेरी वर्दी फाड़ी गई विधायक नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद ने मंडी संचालक वफा अब्बास, फहद, इमरान और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ चमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. बताया कि 27 मई को विधायक नसीम सोलंकी के कहने पर मंडी गया था. जहां मंडी संचालक वफा अब्बास और उसके साथी फहद, इमरान और 15–20 अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी.
इस दौरान आरोपियों ने मंडी का गेट बंद कर जान से मारने का प्रयास किया, लोगों के बीच–बचाव करने पर वह किसी तरह से जान बचाकर बाहर निकले और पूरी जानकारी विधायक नसीम सोलंकी को दी और उन्हें गाड़ी से लेकर निकल गए. आरोपियों का पुराना अपराधिक इतिहास है और कई थानों में अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं. चमनगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा, चोट पहुंचाना, धमकी, जानबूझकर अपमान करने, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, लोक सेवक को ड्यूटी करने से रोकने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
विधायक का गनर सस्पेंड: पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने विधायक नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद को सस्पेंड कर दिया गया. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अजीम को विधायक की सुरक्षा में लगाया गया था। अगर कॉन्स्टेबल को विधायक की सुरक्षा में खतरे की संभावना थी, तो उसे उनके साथ रहना चाहिए था, ना कि मंडी परिसर में जाना चाहिए था। कॉन्स्टेबल ने विधायक की सुरक्षा में लापरवाही बरती है, जिस कारण उस पर कार्रवाई की गई है.
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया- “मंगलवार की देर रात चमनगंज थाना क्षेत्र में एक ही समुदाय के दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। इसकी सूचना पर दोनों पक्षों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज की गई है. मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है. विवेचना में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”















Leave a Reply