पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से एक घर में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया. आरोप है कि चोरों ने घर में स्प्रे छिड़ककर परिवार को बेहोशी जैसी हालत में पहुंचा दिया और नकदी-जेवरात समेत करीब 25 लाख रुपये का माल समेट ले गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए. कल्याणपुर कला निवासी हनी यादव प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पिता अशोक यादव, मां रामा यादव और बड़े भाई लकी यादव हैं. परिजनों के मुताबिक देर रात घर के अंदर कुछ खटपट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिवार के लोग जाग गए. जब कमरे में सो रही बुजुर्ग दादी को उठाने पहुंचे तो वह अर्धमूर्छित अवस्था में मिलीं.
परिजनों का कहना है कि उनका सिर भारी लग रहा था और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही थीं. आशंका है कि चोरों ने घर में किसी तरह का स्प्रे छिड़क दिया था. परिवार ने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे हुए थे. जांच करने पर पता चला कि नकदी और जेवरात समेत करीब 25 लाख रुपये का सामान चोरी हो चुका है.
घटना की सूचना देर रात 112 नंबर पर दी गई. आरोप है कि रात में पहुंचे नाइट अफसर ने सुबह जांच कराने की बात कहकर वापस लौट गए.
सुबह पहुंची फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम: सुबह मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद कल्याणपुर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे. टीम ने घर और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक आते-जाते दिखाई दिए हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है.
इलाके में दहशत, लोगों में नाराजगी: घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
डीसीपी बोले- जल्द होगा खुलासा: डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि सुबह 112 के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी. सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए थे. उन्होंने बताया कि पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.















Leave a Reply