इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर के सिसोलर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय किशोर का शव तालाब में मिला है. किशोर बुधवार दोपहर से लापता था, जिसकी तलाश परिजन और पुलिस कर रहे थे. गुरुवार सुबह उसका शव तालाब में उतराता हुआ पाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह मामला सिसोलर कस्बे का है। यहां रामबाबू खेंगर का 13 वर्षीय बेटा प्रकाश बुधवार दोपहर अपने कुछ साथियों के साथ घर से निकला था. देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी.
खोजबीन के दौरान तालाब किनारे प्रकाश की चप्पलें मिली थीं, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई थी. रात में अंधेरा और तालाब में झाड़ियां होने के कारण कोई सुराग नहीं मिल पाया था. गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में एक शव उतराता देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस और परिजनों को दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान प्रकाश के रूप में हुई. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. प्रकाश तीन भाइयों में मंझला था. उसका बड़ा भाई विकास कक्षा 11 का छात्र है, जबकि छोटा भाई प्रभात कक्षा 7 में पढ़ता है. मृतक के पिता रामबाबू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और उनके पास लगभग चार बीघा कृषि भूमि भी है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और जांच पड़ताल कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है.















Leave a Reply