मथुरा में ठाकुर जी को लगा सवा लाख आमों का महाभोग, दर्शनों के लिए उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

Spread the love

ब्रजभूमि में इन दिनों चिलचिलाती गर्मी के बीच ठाकुर जी को शीतलता प्रदान करने और लाड़ लड़ाने के लिए विशेष उत्सवों का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में मथुरा और गोवर्धन के प्रमुख मंदिरों में ठाकुर जी को सवा लाख रसीले आमों का भव्य भोग (आम्रकुंज मनोरथ) अर्पण किया गया, जिसके अलौकिक दर्शन पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे.

जतीपुरा में श्रीनाथ जी के सम्मुख सजा आमों का महल: गोवर्धन के तलहटी स्थित जतीपुरा के प्रसिद्ध श्रीनाथ जी मंदिर में आम्रकुंज मनोरथ का भव्य आयोजन किया गया. यहां ठाकुर जी को देश के कोने-कोने से मंगाए गए सवा लाख से अधिक चुनिंदा आमों का भोग धराया गया. गर्भगृह से लेकर पूरे मंदिर प्रांगण को आमों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ठाकुर जी आमों के महल में विराजमान हों.

निकुंज राय मंदिर में सवा लाख आमों का मनोरथ: मथुरा के निकुंज राय मंदिर में भी सवा लाख आमों का महाभोग लगाया गया. मंदिर प्रशासन और सेवायतों द्वारा हापुस, लंगड़ा, दशहरी, चौसा और सफेदा जैसी आम की विभिन्न प्रजातियों को कलात्मक रूप से सजाकर ठाकुर जी के सम्मुख प्रस्तुत किया गया. आमों की भीनी-भीनी खुशबू से पूरा मंदिर परिसर महक उठा.

मंदिर के पुजारी ने दाउ दयाल ने बताया कि अधिक मास से उपलक्ष्य में श्रीनाथ जी के सम्मुख सवा लाख आमों का भोग लगाया गया है. जो पूरे भारत में वैष्णव है उनके सहयोग से इस भोग का प्रबंध किया गया है. भोग के बाद ये सारे आम प्रसादी के रूप में श्रीनाथ के दर्शन को आए भक्तों में वितरित किये जाएंगे. 

दर्शन कर धन्य हुए श्रद्धालु: जैसे ही मंदिरों के पट खुले, ठाकुर जी की इस अनुपम और मनमोहक छवि को निहारने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए ठाकुर जी की छबि का आनंद लिया. मान्यता है कि भीषण गर्मी में ठाकुर जी को फलों का राजा कहे जाने वाले आम का भोग लगाने से वे प्रसन्न होते हैं. दर्शनों के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच बड़े पैमाने पर प्रसाद रूप में आम बांटे गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *