हमीरपुर के राठ में जमीन के विवाद में 65 साल के वृद्ध की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

Spread the love

हमीरपुर जनपद के राठ क्षेत्र में जमीन के विवाद में पैरवी करने वाले 65 वर्षीय एक वृद्ध की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई. यह घटना बुधवार शाम को जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड-बागीपुरा के बीच हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

मृतक की पहचान गोहांड कस्बा निवासी देशराज (65) पुत्र परमलाल के रूप में हुई है. बुधवार शाम को देशराज अपने पड़ोसी नरेंद्र पुत्र प्रकाश के साथ राठ तहसील से काम निपटाकर बागीपुरा होते हुए गोहांड लौट रहे थे. रास्ते में दबंगों ने उन पर हमला कर दिया. इस हमले में देशराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा.

हत्याकांड के बाद अस्पताल में लगी लोगों की भीड़.

मृतक देशराज खेती-किसानी के साथ-साथ सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का भी काम करते थे. देशराज के बेटे कमलेश ने बताया कि नरेंद्र और उसके भाइयों का आरोपी पक्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. उनके पिता कई बार नरेंद्र के साथ तहसील और अन्य जगहों पर जाकर मामले में सहयोग करते थे, जिससे आरोपी पक्ष उनसे नाराज था. कमलेश ने यह भी बताया कि उनके परिवार के पास बागीपुरा मौजा में करीब चार बीघा जमीन है.

सीओ सरीला शाहरुख खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद की बात सामने आई है. मृतक देशराज स्वयं इस विवाद के पक्षकार नहीं थे, बल्कि वे दूसरे पक्ष की पैरवी कर रहे थे। इसी बात से आरोपी नाराज थे. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *