भारत से अफगानिस्तान तक डोली धरती, दिल्ली-NCR, कश्मीर समेत कई शहरों में भूकंप के तेज झटके

Spread the love

अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में शनिवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर 6.2 तीव्रता का भूकंप आया. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Centre for Seismology) के मुताबिक भूकंप का केंद्र पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में कालाफगान से करीब 81 किलोमीटर दूर, 36.442° उत्तरी अक्षांश और 70.672° पूर्वी देशांतर पर और धरती की सतह से 215 किलोमीटर की गहराई में था. भूकंप का केंद्र धरती की सतह से अत्यधिक गहराई में होने के कारण इसके झटके पाकिस्तान, भारत के उत्तरी हिस्से, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान समेत कई देशों में महसूस किए गए.

दिल्ली-एनसीआर में भी कुछ सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए. इस भूकंपीय घटना में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई तत्काल सूचना नहीं मिली है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक धरती की सतह से अधिक गहराई में आने वाले भूकंप के झटके व्यापक इलाके में महसूस होते हैं, लेकिन सतह पर नुकसान अपेक्षाकृत कम होने की संभावना रहती है. अफगानिस्तान का हिंदूकुश क्षेत्र भूकंपीय रूप से काफी संवेदनशील है. यहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की टक्कर के कारण अक्सर तेज भूकंप आते रहते हैं.

जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप के तेज झटके महसूस हुए और लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर सड़कों और खुली जगहों की ओर भागे. जम्मू-कश्मीर भी भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील है और यहां समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंपीय झटके महसूस होते रहते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *