अम्बेडकरनगर में एसटीएफ की मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी आसिम अली ढेर

Spread the love

UP केअम्बेडकरनगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र में हुई एक भीषण मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी और कुख्यात बदमाश आसिम अली उर्फ विक्की को ढेर कर दिया है. इस क्रास फायरिंग में एसटीएफ का एक जांबाज सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है. इस पर हत्या और लूट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं. यह आठ साल से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था. हाल ही बदमाश विक्की ने जौनपुर और शाहजहांपुर के शाहगंज में हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था.

बेवाना के जगदीशपुर के पास हुई मुठभेड़: जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के पास कुछ संदिग्ध अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. इस सूचना पर जैसे ही एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी की, अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. एसटीएफ ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक लाख का इनामी बदमाश आसिम अली उर्फ विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया.  उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.  वहीं, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एसटीएफ का एक सिपाही भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक सिपाही की हालत अब खतरे से बाहर है.

लंबे समय से STF की रडार पर था आसिम: मुठभेड़ में मारा गया शातिर अपराधी आसिम अली उर्फ विक्की मूल रूप से कानपुर नगर का निवासी था. वह जघन्य अपराधों को अंजाम देने का आदी था और लंबे समय से यूपी एसटीएफ की रडार पर चल रहा था.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आसिम के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे दो दर्जन (24) से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस मुख्यालय की तरफ से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस और एसटीएफ की टीमें अब इस बात की जांच कर रही हैं कि मौके से कोई और बदमाश भागने में कामयाब तो नहीं हुआ, जिसके लिए आस-पास के इलाकों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *