पीलीभीत में सोते समय ऊपर गिरा टेबल फैन, पति-पत्नी की करंट से तड़पकर मौत

Spread the love

UP के पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसे में हरिशंकर कुशवाहा और उनकी पत्नी कमला देवी की करंट लगने से मौत हो गई. विवाह समारोह से लौटने के बाद दंपती घर के आगे वाले हिस्से में बनी किराना दुकान से सटे कमरे में सो रहे थे. भीषण गर्मी के कारण पास रखा टेबल फैन अचानक रात में उनके ऊपर गिर गया, जिससे फैले करंट की चपेट में आने से दोनों ने सोते समय ही दम तोड़ दिया. मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जब उनका बेटा संत कुमार दुकान खोलने पहुंचा, तब इस खौफनाक हादसे का खुलासा हुआ.

शादी से लौटे थे वापस, सुबह कमरे में मिली लाशें: पुलिस के अनुसार, 52 वर्षीय हरिशंकर कुशवाहा और उनकी 50 वर्षीय पत्नी कमला देवी सोमवार रात करीब 11 बजे एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटे थे. इसके बाद दोनों अपने कमरे में सो गए. 

अगली सुबह जब उनका बेटा संत कुमार घर के सामने वाले हिस्से में स्थित अपनी किराना दुकान खोलने के लिए पहुंचा, तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला. किसी तरह जब वह कमरे के अंदर दाखिल हुआ, तो उसके माता-पिता जमीन पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे.

मां के चेहरे से चिपका था टेबल फैन, गांव में मातम: कमरे के अंदर का दृश्य बेहद खौफनाक था. मृतक के बेटे ने देखा कि टेबल फैन उसकी मां के चेहरे से बुरी तरह चिपका हुआ था. पुलिस को आशंका है कि रात में सोते समय टेबल फैन में कोई तकनीकी खराबी (इलेक्ट्रिकल फॉल्ट) आ गई थी, जिसके कारण दोनों को जोरदार का करंट लगा. सुबह जैसे ही यह खबर इलाके में फैली, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और मातम छा गया. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई.

पीड़ित परिवार को मिलेगा मुआवजा: घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे क्षेत्र के लेखपाल राज कुमार ने बताया कि इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को राज्य सरकार की योजना के तहत उचित सरकारी मुआवजा प्रदान किया जाएगा. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पूरी तरह से पता चल सकेगा. फिलहाल मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *