दिल्ली के रोहिणी इलाके में गिरी 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Spread the love

राजधानी दिल्ली बुधवार शाम रोहिणी इलाके में एक मकान ढह गया. आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कुछ लोग फंसे हो सकते हैं. उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. इसी बीच इस हादसे का एक झकझोरने वाला वीडियो सामने आया है.

वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स मलबे में दब हुआ है. उसका सिर्फ हाथ नजर आ रहा है. वह हाथ हिला-हिला कर अंदर से ही बहुत धीमी आवाज में बचाने की गुहार लगा रहा है. बचाव और राहत कार्य में जुटे कर्मी उसकी गुहार सुनकर ढांढस बंधाते हैं और कहते हैं कि ‘हां आपका हाथ दिख रहा है. आप चिंता मत करो. आपको बचा लेंगे.’

इसके बाद एक वीडियो में मलबा हटाए जाने का काम दिख रहा है. दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना बुधवार शाम करीब 4:20 बजे मिली. ये हादसा रोहिणी सेक्टर-16 में एमसीडी स्कूल के पास हुआ, जहां अचानक एक मकान भरभराकर गिर गया. इस हादसे में कितने लोग दबे हैं इसकी अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार रेस्क्यू टीमों को मौके पर रवाना किया. बचावकर्मी मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं. एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को भी सुरक्षित कराया गया है, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए.

बारिश की वजह से हादसे की आशंका! फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मकान गिरने की वजह क्या थी और मलबे में कितने लोग फंसे हुए हैं, हालांकि लगातार हो रही बारिश को हादसे की संभावित वजहों में माना जा रहा है. प्रशासन ने कहा है कि राहत और बचाव अभियान जारी है. मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है.  

घटनास्थल का वीडियो आया सामने: घटना स्थल का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें बिल्डिंग का मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है और आस-पास अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है. लोग इस बिल्डिंग के आस-पास मदद के लिए जुटे हैं. हालांकि अभी यह सामने नहीं आया है कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि हुई है या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *