हमीरपुर में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब अपनी पांच वर्षीय बेटी को मामा के घर छोड़ने जा रहा पिता बाइक समेत खुले नाले में गिर पड़ा. पिता-पुत्री की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने दौड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला.
हादसे में दोनों को मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद नगर पालिका की टीम ने क्रेन की मदद से नाले में गिरी बाइक बाहर निकलवाई. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई. यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ले का है. महिंद्रा एजेंसी में कार्यरत 35 वर्षीय नितिन सविता गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपनी पांच वर्षीय बेटी निति को उसके मामा के घर छोड़ने जा रहे थे. इसके बाद उन्हें एजेंसी जाना था. इसी दौरान रास्ते में खुले नाले के पास संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक सीधे नाले में जा गिरी.
नाले में गिरने के बाद पिता और बेटी मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में दोनों को हल्की चोटें आई हैं। सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में नगर पालिका के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के बीच नाले खुले छोड़ दिए गए हैं. बारिश के कारण नाले पानी से भर जाते हैं, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है. लोगों ने खुले नालों को जल्द ढकने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है.
सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और छोटी क्रेन की मदद से नाले में गिरी बाइक बाहर निकाली. नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज ने बताया कि जल निकासी बेहतर बनाने के लिए नाले खोले गए थे ताकि जलभराव की समस्या न हो. उन्होंने कहा कि घटना को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे.
















Leave a Reply