हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक निजी बस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए. हादसा चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत तीसा थाना क्षेत्र में बैरागढ़ के पास चालूंज मोड़ पर हुआ. घायलों में 6 लोगों को आगे के इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा रेफर किया गया है. हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की जा रही है.
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजकर 15 मिनट पर हुआ। शर्मा कोच की निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर आ रही थी. इसी दौरान चालूंज मोड़ के पास बस हादसे का शिकार हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार बस सड़क से पलटकर दूसरी सड़क पर जा पहुंची थी.
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना: हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं. चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल को घटनास्थल के लिए भेजा गया. पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

मृतकों की पहचान के प्रयास जारी: राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें छह घायलों को उनकी स्थिति को देखते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा रेफर किया गया है. हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. हादसे के बाद घटनास्थल पर खोज और बचाव अभियान के लिए अलग-अलग विभागों की टीमों को भेजा गया. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को शामिल कर खोज एवं बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का काम शुरू किया.
हादसे का कारण अब तक पता नहीं: हादसे की विस्तृत जानकारी राहत और बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ सामने आएगी. प्रशासन की ओर से घटनास्थल से मिलने वाली सूचना के आधार पर मृतकों और घायलों से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है. पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है.















Leave a Reply