हमीरपुर-महोबा सीमा पर शुक्रवार रात नेशनल हाईवे-34 पर आवारा सांड की वजह से दर्दनाक हादसा हो गया. महोबा से अपने गांव लौट रहे 22 वर्षीय बाइक सवार की सड़क पर अचानक सामने आए सांड से टक्कर हो गई. हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी ने उसे एंबुलेंस की मदद से मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गुर्दाहा गांव निवासी आशीष के रूप में हुई है. शुक्रवार शाम आशीष बाइक से महोबा से अपने गांव लौट रहा था. उसका एक साथी भी दूसरी बाइक से कुछ आगे चल रहा था। खन्ना टोल प्लाजा पार करने के बाद नेशनल हाईवे-34 पर अचानक एक आवारा सांड सामने आ गया. आशीष को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी बाइक सांड से टकरा गई. टक्कर के बाद आशीष सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
साथी ने फोन किया, नहीं उठा तो वापस लौटा: आशीष का साथी कुछ दूरी तक आगे जाने के बाद रुककर उसका इंतजार करने लगा. काफी देर तक आशीष के नहीं पहुंचने पर उसने फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद साथी वापस घटनास्थल की ओर आया. वहां आशीष सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला. आसपास के लोगों की मदद से एंबुलेंस को बुलाया गया. इसके बाद आशीष को मौदहा सीएचसी ले जाया गया. डॉक्टरों ने मृत घोषित किया.
पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम: अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद आशीष को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर मौदहा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने परिजनों और आशीष के साथियों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

दो भाइयों में बड़ा था आशीष, परिवार में मचा कोहराम: आशीष दो भाइयों में बड़ा था. उसके पिता ज्ञानेंद्र किसान हैं. जवान बेटे की सड़क हादसे में अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और गांव के तमाम लोग मौदहा सीएचसी पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से होने वाले हादसों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
















Leave a Reply